सेक्टर-9 अस्पताल में चिकित्सा व्यवस्थाओं का सांसद विजय बघेल ने लिया जायजा

दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने भिलाई के जवाहरलाल नेहरू अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र, सेक्टर-9 का दौरा कर चिकित्सा सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने दवाइयों की उपलब्धता, फर्स्ट एड प्रक्रिया, मरीजों के बैठने की व्यवस्था और विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सीपीआर की प्रक्रिया भी समझी और पुतले पर इसका अभ्यास किया।

Oct 3, 2026 - 13:15
Oct 3, 2026 - 14:42
 0  3
सेक्टर-9 अस्पताल में चिकित्सा व्यवस्थाओं का सांसद विजय बघेल ने लिया जायजा

UNITED NEWS OF ASIA. रोहितास सिंह भुवाल, दुर्ग l दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने गुरुवार को जवाहरलाल नेहरू अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र (JLNH & RC), सेक्टर-9 का दौरा कर अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।

दौरे के दौरान सांसद विजय बघेल ने मरीजों को प्राथमिक उपचार यानी फर्स्ट एड दिए जाने की प्रक्रिया, दवाइयों की उपलब्धता और अस्पताल के विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी ली। अस्पताल के एचओडी डॉ. उदय ने उन्हें अस्पताल की व्यवस्थाओं और सुविधाओं का अवलोकन कराया।

डॉ. उदय ने बताया कि अस्पताल में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को अलग-अलग विभागों तक पहुंचने में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए विभिन्न स्थानों पर दिशा-सूचक तीर लगाए गए हैं। इन संकेतकों की मदद से मरीज और उनके परिजन कैजुअल्टी सहित अन्य विभागों तक आसानी से पहुंच सकते हैं।

सांसद विजय बघेल ने अस्पताल परिसर में मरीजों के बैठने के लिए की गई नई व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि डॉ. उदय के आने के बाद अस्पताल की व्यवस्थाओं में कई सुधार हुए हैं और मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

निरीक्षण के दौरान डॉ. उदय ने आपातकालीन स्थिति में सीपीआर देने की प्रक्रिया का प्रदर्शन भी किया। पुतले के माध्यम से समझाया गया कि यदि किसी व्यक्ति की सांस रुक जाए और वह बेहोश हो जाए, तो तत्काल सीपीआर देकर उसकी जान बचाने में मदद की जा सकती है। उन्होंने छाती के मध्य भाग में निर्धारित तरीके से लगातार दबाव देने की प्रक्रिया को समझाया। सांसद विजय बघेल ने स्वयं पुतले पर सीपीआर की प्रक्रिया को समझा और उसका अभ्यास भी किया।

विजय बघेल ने कहा कि सेक्टर-9 अस्पताल से उनका पुराना जुड़ाव रहा है। उन्होंने बताया कि उन्होंने स्वयं भिलाई इस्पात संयंत्र में कर्मचारी के रूप में 19 वर्षों तक सेवाएं दी हैं, जिसके कारण अस्पताल और यहां की चिकित्सा व्यवस्थाओं से उनका पुराना संबंध रहा है।

इस दौरान सांसद ने अस्पताल परिसर में मरीजों की सेवा और चिकित्सा सुविधाओं से संबंधित सेल्फी जोन का भी अवलोकन किया। उन्होंने डॉ. उदय सहित अस्पताल की पूरी टीम को मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा और सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए बधाई दी तथा अस्पताल की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. सुनील, डॉ. पांडा (सीएमओ), डॉ. गुंजन, फार्मासिस्ट सहित अस्पताल के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।