मां का बैंक स्टेटमेंट न देने पर कैशियर से मारपीट, दोनों भाइयों पर FIR दर्ज

बिलासपुर के केनरा बैंक सदर बाजार शाखा में मां का स्टेटमेंट न मिलने से नाराज दो भाइयों ने कैशियर के साथ मारपीट कर दी। घटना बैंक के बाहर सीसीटीवी में कैद हुई। शुरू में पुलिस ने मामला दर्ज करने से इंकार किया, लेकिन कर्मचारियों के विरोध के बाद FIR दर्ज की गई। बैंक स्टाफ ने सुरक्षा की मांग की है।

Nov 14, 2025 - 16:16
 0  33
मां का बैंक स्टेटमेंट न देने पर कैशियर से मारपीट, दोनों भाइयों पर FIR दर्ज

UNITED NEWS OF ASIA. बिलासपुर | में केनरा बैंक की सदर बाजार शाखा में कैशियर के साथ मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। मां का बैंक स्टेटमेंट न दिए जाने से नाराज दो भाइयों ने बैंक कर्मचारी पर हमला कर दिया। पूरी घटना बैंक के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। पुलिस ने शुरुआत में शिकायत दर्ज करने से इंकार किया था, लेकिन कर्मचारियों के विरोध के बाद शाम को FIR दर्ज की गई।

शिकायतकर्ता अभिनव सेनगुप्ता, निवासी सरोज विहार बहतराई रोड और गोंडपारा स्थित केनरा बैंक में कैशियर, ने बताया कि 3 नवंबर को विमंत सराफ बैंक में आया और अपनी मां का स्टेटमेंट मांगा। बैंक नियमों के अनुसार, स्टाफ ने उसे बताया कि स्टेटमेंट केवल खाताधारक को दिया जा सकता है। इस पर विमंत नाराज होकर बैंक से चला गया।

13 नवंबर की शाम काम खत्म होने के बाद जब शिकायतकर्ता बैंक से बाहर निकला तो बैंक के बाहर सड़क किनारे राहुल सराफ ने उसका कॉलर पकड़कर गाली-गलौज शुरू कर दी। उसी दौरान विमंत सराफ भी हाथ में बेल्ट लेकर पहुंचा और दोनों भाइयों ने मिलकर कैशियर की बेल्ट और हाथ से पिटाई कर दी। शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपियों ने धमकी भी दी कि—
“यहां रहना है, काम करना है तो हमारे हिसाब से काम करो, नहीं तो ठीक नहीं होगा।”

मारपीट की घटना सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई देती है। शुरुआत में पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने में आनाकानी की, जिसके बाद बैंक कर्मचारी एकजुट होकर एसपी कार्यालय जाने की तैयारी में जुट गए। दबाव बढ़ने पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया।

बैंक कर्मचारियों ने इस घटना को गंभीर सुरक्षा चिंता बताते हुए प्रशासन से कड़ी कार्रवाई और बैंक स्टाफ की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।