सेवा संकल्प अभियान के तहत गांधी-शास्त्री जयंती मनाई, स्वच्छता और नशामुक्ति का लिया संकल्प
शासकीय स्नातक महाविद्यालय अमरवाड़ा में 2 अक्टूबर को सेवा संकल्प अभियान के तहत महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मनाई गई। कार्यक्रम में महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन किया गया। इसके बाद महाविद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। विद्यार्थियों, NCC कैडेट्स और NSS स्वयंसेवकों ने श्रमदान किया। कार्यक्रम के अंत में नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई।
UNITED NEWS OF ASIA. यज्ञराज पटेल, छिंदवाड़ा l शासकीय स्नातक महाविद्यालय अमरवाड़ा में 2 अक्टूबर के अवसर पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती उत्साह और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाई गई। शासन के सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में महाविद्यालय परिवार ने दोनों महापुरुषों के जीवन, विचारों और आदर्शों को याद करते हुए उन्हें अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर. एन. झारिया ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और स्वच्छता संबंधी विचारों पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को गांधी जी के विचारों को केवल कार्यक्रमों तक सीमित न रखते हुए दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।