जशपुर में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, मिर्ची की बोरियों के नीचे छिपा 440.63 किलो गांजा बरामद
जशपुर पुलिस ने ऑपरेशन आघात के तहत लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर कार्रवाई करते हुए 440.63 किलो अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार गांजा मिर्ची की बोरियों के नीचे छिपाकर उड़ीसा से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा था। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर टाटा आईसर मिनी ट्रक जब्त किया गया है। पुलिस ने कुल 2 करोड़ 40 लाख 31 हजार 500 रुपये की जप्ती बताई है।
UNITED NEWS OF ASIA. योगेश यादव, जशपुर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत जशपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 440.63 किलो अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार गांजा मिर्ची की बोरियों के नीचे छिपाकर टाटा आईसर मिनी ट्रक के जरिए उड़ीसा से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, उड़ीसा बॉर्डर से लगे लावाकेरा पुलिस चेकिंग पॉइंट पर मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए विशेष एंटी नारकोटिक्स टीम तैनात की गई है। 2 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 9 बजे मुखबिर से सूचना मिलने के बाद एंटी नारकोटिक्स टीम और थाना तपकरा पुलिस की संयुक्त टीम संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी।
इसी दौरान उड़ीसा की ओर से आ रहे टाटा आईसर मिनी ट्रक क्रमांक UP-71-T-6592 को संदेह के आधार पर रोका गया। वाहन में सवार दो लोगों ने पूछताछ में अपना नाम मो. वसीम, उम्र 28 वर्ष और मो. आसिफ, उम्र 34 वर्ष बताया। दोनों उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के मुंडेरा गांव के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, दोनों ने वाहन में मिर्ची की बोरियां लोड होने और उन्हें उड़ीसा से उत्तर प्रदेश ले जाने की जानकारी दी। संदेह होने पर पुलिस टीम ने वाहन में लदे सामान की बारीकी से जांच की। ऊपर की ओर मिर्ची से भरी बोरियां मिलीं। जब इन बोरियों को हटाकर नीचे रखी बोरियों की जांच की गई तो टेप से लिपटे पैकेट बरामद हुए। पैकेट खोलने पर उनमें गांजा पाया गया।
पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में जांच की, जिसमें कुल 14 बोरियों से 440 पैकेट गांजा बरामद हुआ। इसका कुल वजन 440.63 किलोग्राम बताया गया है। आरोपियों से गांजे से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन पुलिस के अनुसार वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद गांजा और तस्करी में इस्तेमाल टाटा आईसर मिनी ट्रक को जब्त कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 20 लाख 31 हजार 500 रुपये है, जबकि जब्त मिनी ट्रक की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है। इस तरह कुल 2 करोड़ 40 लाख 31 हजार 500 रुपये की जप्ती की गई। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना तपकरा में धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है।
प्रारंभिक पूछताछ के आधार पर पुलिस ने बताया कि गांजा उड़ीसा के बोध क्षेत्र से प्रयागराज ले जाया जा रहा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा किससे खरीदा गया था और उत्तर प्रदेश में किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था। मामले में तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार जनवरी 2026 से अब तक गांजा तस्करी के 16 मामलों में करीब 8 करोड़ रुपये कीमत का 1906 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है और 22 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। साथ ही तस्करी में इस्तेमाल 17 कार और एक पिकअप वाहन जब्त किए गए हैं।