पुलिस के अनुसार 27 सितंबर 2026 को अक्षय नरेन्द्र कुमार राव ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 18 सितंबर की शाम करीब 7:20 बजे वह चंदनगांव से घर लौट रहे थे। इसी दौरान डीडीसी कॉलेज के गेट के आगे एक सफेद रंग की होंडा ओरा कार से दो अज्ञात व्यक्ति उतरे। दोनों के मुंह पर कपड़ा बंधा हुआ था। शिकायत के अनुसार एक आरोपी ने चाकू मारने की बात कही और दूसरे ने झपट्टा मारकर गले में पहनी सोने की चेन छीन ली। पुलिस के मुताबिक चेन का वजन करीब 20 ग्राम था।
रिपोर्ट के आधार पर कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 747/2026, धारा 304(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। घटना के बाद एक आरोपी के चेहरे से गमछा हटने पर शिकायतकर्ता ने उसका हुलिया देखा था। पुलिस के अनुसार हुलिये की तस्दीक के बाद मुखबिर से आरोपी के संबंध में जानकारी मिली।
पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर तलाश करते हुए 1 अक्टूबर 2026 को सौंसर में प्रेम राठपा और उसके दो साथियों को पकड़ा। पूछताछ के दौरान पुलिस के अनुसार आरोपियों ने शुरुआत में जानकारी छिपाने का प्रयास किया, लेकिन बाद में प्रेम उर्फ शुभम और राघवेन्द्र उर्फ सन्नी की पहचान सामने आई। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपियों ने चेन स्नैचिंग की वारदात स्वीकार की।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने बताया कि घूमने-फिरने और नए कपड़े खरीदने के लिए उनके पास पैसे नहीं थे। इसके बाद राघवेन्द्र उर्फ सन्नी ने इंदौर से बिना ड्राइवर रेंट पर कार लेने और उससे चोरी या लूट की वारदात करने की योजना बनाई। आरोपियों ने 17 सितंबर 2026 को इंदौर से ओरा कार रेंट पर ली और उसकी नंबर प्लेट बदलकर छिंदवाड़ा पहुंचे। इसके बाद 18 सितंबर को चेन स्नैचिंग की घटना को अंजाम देने का पुलिस ने दावा किया है।
पुलिस ने आरोपियों से सोने की चेन बरामद की, जिसकी कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा इंदौर के रेंट व्यवसायी से ओरा कार क्रमांक MP 13 AG 9403 भी जब्त की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 7 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में प्रेम उर्फ शुभम पिता दिनराज राठपा, उम्र 21 वर्ष, निवासी नया बसेरा मल्टी नेहरू नगर भोपाल और राघवेन्द्र उर्फ सन्नी पिता महेन्द्र प्रताप सिंह, उम्र 30 वर्ष, निवासी न्यू अम्बेडकर नगर, कोलार रोड भोपाल शामिल हैं। इनके साथ एक विधि उल्लंघनकर्ता बालक को भी पकड़ा गया है।
पुलिस ने बताया कि प्रेम राठपा के विरुद्ध भोपाल में हत्या के प्रयास और मारपीट से संबंधित पांच अपराध तथा राघवेन्द्र के विरुद्ध भोपाल और हैदराबाद में चोरी से संबंधित चार अपराध दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। कार्रवाई में नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक चौधरी, थाना कोतवाली निरीक्षक आशीष कुमार धुर्वे सहित पुलिस टीम और साइबर सेल के कर्मचारियों की भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक छिंदवाड़ा द्वारा कार्रवाई करने वाली टीम को पुरस्कृत किए जाने की घोषणा की गई है।