UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l राजधानी रायपुर में विकास कार्यों को नई गति देते हुए सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने 419 लाख रुपये से अधिक की लागत वाले विभिन्न जनहितकारी कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। यह पहल शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
भाठागांव जोन क्रमांक 6 के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्ड क्रमांक 61 में सांसद अग्रवाल ने लगभग 179 लाख रुपये के कार्यों का भूमिपूजन किया। इनमें पुराने जोन कार्यालय के पास सामुदायिक भवन निर्माण (110 लाख रुपये), ढेबर सिटी मेन रोड में आरसीसी नाली निर्माण (12.61 लाख रुपये), अवधपुरी में नाली निर्माण (9.83 लाख रुपये) और पाइपलाइन विस्तार (10.84 लाख रुपये) जैसे कार्य शामिल हैं। इसके अलावा सीसी रोड निर्माण, सामुदायिक भवन में अतिरिक्त कक्ष, आंगनबाड़ी केंद्र निर्माण और अन्य विकास कार्य भी स्वीकृत किए गए हैं।
इसी क्रम में महामाया मंदिर वार्ड क्रमांक 65 में कुल 240.91 लाख रुपये के कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया गया। इसमें 216.61 लाख रुपये के नए कार्यों की शुरुआत की गई, जिनमें दंतेश्वरी मंदिर से तरुण पटेल दुकान तक नाला निर्माण (86.16 लाख रुपये), गणपत सिंधी स्कूल के पास आरसीसी नाला निर्माण (94.88 लाख रुपये), सीसी रोड और नाली निर्माण जैसे कार्य शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त 24.30 लाख रुपये की लागत से बने कार्यों का लोकार्पण भी किया गया, जिनमें सामुदायिक भवन में अतिरिक्त कक्ष, शीतलालय और बोरवेल निर्माण तथा मठपारा में सामुदायिक भवन निर्माण प्रमुख हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि “वार्ड में 2 करोड़ 40 लाख रुपये के विकास कार्यों की शुरुआत और 40 लाख रुपये के कार्यों का लोकार्पण क्षेत्र की प्रगति में मील का पत्थर साबित होगा।” उन्होंने बताया कि प्रोफेसर कॉलोनी में लगभग डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से नाले का निर्माण शुरू किया जा रहा है, जिससे जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान होगा।
सांसद अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि विकास केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि उसे धरातल पर उतारना ही असली उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि रायपुर के प्रत्येक वार्ड को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर एक आदर्श शहर के रूप में विकसित करना उनका लक्ष्य है।
इन विकास कार्यों से शहर की जल निकासी व्यवस्था मजबूत होगी, सड़कों की स्थिति बेहतर होगी और नागरिकों को बेहतर सामुदायिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे न केवल शहरी जीवन स्तर में सुधार होगा, बल्कि आने वाले समय में रायपुर को एक सुव्यवस्थित और आधुनिक शहर के रूप में स्थापित करने में भी मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में विधायक सुनील सोनी, महापौर मीनल चौबे, नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौर, भाजपा जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने इन कार्यों को शहर के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।