नक्सली पीड़ित परिवारों से मिले विजय शर्मा, शहीदों के नाम पर बनेंगे स्मारक और सार्वजनिक स्थलों का नामकरण

कांकेर में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने नक्सली पीड़ित परिवारों और शहीद जवानों के परिजनों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए और शहीदों के सम्मान में स्मारक निर्माण, सार्वजनिक स्थलों का नामकरण तथा पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना एवं अनुकंपा नियुक्ति का लाभ दिलाने की बात कही।

Jun 27, 2026 - 10:56
 0  2
नक्सली पीड़ित परिवारों से मिले विजय शर्मा, शहीदों के नाम पर बनेंगे स्मारक और सार्वजनिक स्थलों का नामकरण

UNITED NEWS OF ASIA. कांकेर l जिले में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने नक्सली हिंसा से प्रभावित परिवारों और शहीद जवानों के परिजनों से आत्मीय मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। जिला कलेक्ट्रेट में आयोजित इस बैठक के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी मामलों का संवेदनशीलता के साथ त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नक्सल हिंसा से प्रभावित परिवारों के सम्मान, सुरक्षा, पुनर्वास और कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक बुधवार को जिले के पुलिस अधीक्षक नक्सली पीड़ित परिवारों और शहीद जवानों के परिजनों से नियमित रूप से मुलाकात करें। उन्होंने कहा कि इन परिवारों की समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ बिना किसी परेशानी के मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रभावित परिवारों को समय पर सहायता उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

विजय शर्मा ने कहा कि प्रदेशभर में शहीद जवानों की स्मृति को चिरस्थायी बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत गांवों के सामुदायिक भवन, चौक-चौराहों तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों का नामकरण शहीदों के नाम पर किया जाएगा। इसके अलावा जिन क्षेत्रों में नक्सली हिंसा की बड़ी घटनाएं हुई हैं, वहां उपयुक्त स्थानों पर स्मारकों का निर्माण कराया जाएगा, ताकि आने वाली पीढ़ियां देश और समाज के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदान से प्रेरणा ले सकें।

उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र शहीद परिवार को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए। साथ ही पात्र आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति की प्रक्रिया में तेजी लाकर शीघ्र लाभान्वित किया जाए। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने शहीद स्मारकों के निर्माण के लिए समग्र निधि से 10 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है, जिससे पूरे प्रदेश में सम्मानजनक और प्रेरणादायी स्मारकों का निर्माण किया जाएगा।

बैठक के दौरान उप मुख्यमंत्री ने शहीद परिवारों और नक्सली पीड़ितों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहीदों का बलिदान राष्ट्र के लिए अमूल्य है और उनके परिवारों का सम्मान करना सरकार का नैतिक दायित्व है। सरकार हर स्तर पर इन परिवारों के साथ खड़ी है और उनकी आवश्यकताओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।

इस अवसर पर सांसद भोजराज नाग ने कहा कि वे स्वयं नक्सल हिंसा की पीड़ा को समझते हैं क्योंकि उन्हें भी नक्सलवाद के कारण अपना घर छोड़ना पड़ा था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के नेतृत्व में अपनाई गई रणनीति के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में सुरक्षा का वातावरण बेहतर हुआ है और लोग पहले की तुलना में अधिक स्वतंत्र और भयमुक्त होकर जीवन व्यतीत कर रहे हैं।

बैठक में शालिनी राजपूत, विक्रम उसेंडी, निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर, आकाश श्रीश्रीमाल सहित जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।