रायपुर के होटल हयात में ठगी, लाखों का बिल और लैपटॉप लेकर फरार हुआ मेहमान

रायपुर के होटल हयात में ठहरे एक अतिथि पर होटल प्रबंधन से कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि वह 63,755 रुपये का होटल बिल चुकाए बिना चला गया और होटल द्वारा उपलब्ध कराया गया करीब 1.48 लाख रुपये कीमत का लैपटॉप भी अपने साथ ले गया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ अन्य शहरों में भी होटल ठगी के मामले दर्ज रहे हैं। तेलीबांधा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Jul 1, 2026 - 15:29
 0  2
रायपुर के होटल हयात में ठगी, लाखों का बिल और लैपटॉप लेकर फरार हुआ मेहमान

UNITED NEWS OF ASIA. हसीब अख्तर, रायपुर l राजधानी रायपुर के होटल हयात में ठहरे एक अतिथि द्वारा कथित रूप से होटल प्रबंधन से धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि संबंधित व्यक्ति होटल का 63,755 रुपये का बकाया बिल चुकाए बिना होटल से चला गया और अपने उपयोग के लिए उपलब्ध कराया गया लगभग 1.48 लाख रुपये कीमत का लैपटॉप भी साथ ले गया। घटना के बाद होटल प्रबंधन की शिकायत पर तेलीबांधा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार होटल हयात में सुरक्षा प्रभारी के रूप में कार्यरत सूरज सिंह ने शिकायत दर्ज कराई है कि तमिलनाडु निवासी विलसेंट जॉन 25 जून 2026 को होटल के कमरा नंबर 512 में ठहरा था। होटल में ठहरने के दौरान उसने अपने कार्य के लिए लैपटॉप की आवश्यकता बताई। उसके अनुरोध पर होटल प्रबंधन ने एक बाहरी एजेंसी से किराये पर लैपटॉप मंगवाकर उसे उपलब्ध कराया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 48 हजार रुपये बताई गई है।

शिकायत के अनुसार 27 जून की सुबह आरोपी बिना निर्धारित चेकआउट प्रक्रिया पूरी किए होटल से चला गया। उसने न तो होटल का बकाया बिल जमा किया और न ही होटल प्रबंधन को लैपटॉप वापस किया। घटना का पता चलने पर होटल प्रबंधन ने आरोपी से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसके दोनों मोबाइल नंबर बंद मिले। इसके बाद मामले की शिकायत तेलीबांधा थाना में दर्ज कराई गई।

पुलिस जांच के दौरान आरोपी के पुराने रिकॉर्ड भी खंगाले गए। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि आरोपी पर देश के विभिन्न शहरों में होटलों से कथित धोखाधड़ी करने के मामले दर्ज रहे हैं। जांच में यह भी सामने आया कि वह मुंबई, हैदराबाद और दिल्ली सहित कई शहरों के फाइव-स्टार होटलों में ठहरकर बिना भुगतान किए निकलने के मामलों में पहले भी पुलिस कार्रवाई का सामना कर चुका है। पुलिस के अनुसार पूर्व में उसे मुंबई और हैदराबाद पुलिस द्वारा गिरफ्तार भी किया जा चुका है।

पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार विलसेंट जॉन वर्ष 1997 में तमिलनाडु के एक होटल से जुड़े ट्रैवल एवं टूरिज्म संस्थान में कार्यरत था। पूछताछ के दौरान पहले सामने आई जानकारी के अनुसार उसने कथित रूप से उसी समय से होटलों को निशाना बनाना शुरू किया था। हालांकि इन पुराने मामलों की पुष्टि संबंधित राज्यों के रिकॉर्ड के आधार पर की जा रही है।

फिलहाल तेलीबांधा थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस विभिन्न राज्यों की पुलिस से भी संपर्क कर आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड और वर्तमान लोकेशन की जानकारी जुटा रही है। साथ ही होटल में उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।