हिंदू संगम परिसर में रैली में शामिल 200 से अधिक युवाओं और बाइकर्स का बैंड-बाजे, आतिशबाजी और पुष्पवर्षा के साथ स्वागत किया गया। रैली के साथ चल रहे दाहोद, गुजरात के सांसद जसवंत सिंह सुमनभाई ने कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
जसवंत सिंह ने कहा कि वडनगर से वाराणसी तक निकाली जा रही यह यात्रा सेवा, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण के संकल्प का संदेश लेकर आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के विभिन्न गांवों में रैली का स्वागत किया जा रहा है।
सांसद ने कार्यकर्ताओं से सेवा को संगठन की गतिविधियों से जोड़ते हुए विकसित भारत के संकल्प में अपनी भूमिका निभाने की बात कही। उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए जल संरक्षण, ग्रामीण विकास और जनजातीय क्षेत्रों के विकास से जुड़ी योजनाओं का जिक्र किया।
उन्होंने वनबंधु कल्याण योजना और ज्योतिग्राम योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से वनांचल एवं जनजातीय क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार का प्रयास किया गया। उन्होंने जनजातीय समाज की संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के साथ विकास से जोड़ने की बात भी कही।
सांसद जसवंत सिंह ने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि गरीबों, किसानों, युवाओं और महिलाओं के लिए कई जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास, सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा और डिजिटल कनेक्टिविटी जैसे क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों का भी जिक्र किया।
युवाओं के संदर्भ में उन्होंने स्टार्टअप इंडिया, मेक इन इंडिया और वोकल फॉर लोकल जैसे अभियानों का उल्लेख करते हुए कहा कि इनके माध्यम से स्वरोजगार और नवाचार के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
वनवासी समाज के साथ पंगत में बैठे सांसद
रैली की अगुवाई कर रहे सांसद जसवंत सिंह ने बोड़ला ब्लॉक के वनांचल क्षेत्र से आए बैगा आदिवासी समाज के लोगों के साथ हिंदू संगम परिसर में पंगत में बैठकर भोजन किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं और उनके लाभ को लेकर वनवासी समाज के लोगों से चर्चा की।
कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता का संदेश देते हुए सफाई कर्मियों को साल और श्रीफल देकर सम्मानित किया गया।
धवईपानी से कार्यकर्ताओं ने की अगवानी
मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ की सीमा धवईपानी से कबीरधाम जिले के भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बाइक रैली में शामिल हुए और इसे बोड़ला तक लेकर पहुंचे। कार्यक्रम में गुजरात से आए बाइकर्स के साथ जिलेभर के भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम में सांसद संतोष पांडे, यात्रा प्रभारी अवधेश चंदेल, सह प्रभारी शिवनाथ यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र चंद्रवंशी, जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, पूर्व जिलाध्यक्ष रामकुमार भट्ट, जिला महामंत्री मुकेश ठाकुर और नितेश अग्रवाल, भाजयुमो प्रदेश उपाध्यक्ष पियूष ठाकुर, नगर पंचायत अध्यक्ष विजय पाटिल, वरिष्ठ नेता विदेशी राम धुर्वे और भाजयुमो जिलाध्यक्ष उमंग पांडे सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और बाइकर्स उपस्थित रहे।