फरसगांव नगर पंचायत के नव निर्वाचित पार्षदों ने ली शपथ, विधायक नीलकंठ टेकाम ने जनसेवा और विकास पर दिया जोर

कोंडागांव जिले के फरसगांव नगर पंचायत में नव निर्वाचित पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम ने समारोह में जनप्रतिनिधियों से जनसेवा, पारदर्शिता और विकास को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने नगर की यातायात समस्या के समाधान के लिए बायपास सड़क निर्माण की आवश्यकता भी बताई।

Jul 3, 2026 - 18:30
 0  3
फरसगांव नगर पंचायत के नव निर्वाचित पार्षदों ने ली शपथ, विधायक नीलकंठ टेकाम ने जनसेवा और विकास पर दिया जोर

UNITED NEWS OF ASIA. रामकुमार भारद्वाज, कोंडागांव l कोंडागांव जिले के फरसगांव नगर पंचायत में शुक्रवार को नव निर्वाचित पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। समारोह में केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान निर्वाचन अधिकारी अश्वन कुमार पूसाम ने महात्मा गांधी वार्ड क्रमांक-1 से निर्वाचित उमेश कुमार सोना और वीरांगना रानी दुर्गावती वार्ड क्रमांक-12 से निर्वाचित छबीला नेताम को पार्षद पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

शपथ ग्रहण के बाद समारोह को संबोधित करते हुए नीलकंठ टेकाम ने सभी नव निर्वाचित पार्षदों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की सबसे बड़ी जिम्मेदारी जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना है। उन्होंने पार्षदों से पारदर्शिता, ईमानदारी और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि नगर के समग्र विकास के लिए सभी को मिलकर कार्य करना चाहिए।

विधायक ने फरसगांव नगर की यातायात व्यवस्था का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि साप्ताहिक बाजार के दौरान मुख्य मार्ग पर लगने वाले जाम से लोगों को काफी परेशानी होती है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए बायपास सड़क का निर्माण आवश्यक है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बेहतर यातायात व्यवस्था और नगर के विकास के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

नीलकंठ टेकाम ने नगर पंचायत अध्यक्ष और सभी पार्षदों से अपने-अपने वार्डों में बिजली, पेयजल, सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े किसी भी विषय या समस्या को उनके संज्ञान में लाया जाए ताकि समय पर समाधान सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि वे क्षेत्र की जनता के हितों की रक्षा और विकास कार्यों के लिए हमेशा तत्पर रहेंगे।

कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष प्रशांत पात्र, उपाध्यक्ष मूलचंद पांडे, जनपद पंचायत अध्यक्ष मानकु नेताम सहित कई जनप्रतिनिधि और पार्षद मौजूद रहे। इसके अलावा विजय लांगड़े, शैल सेठिया, राजकुमारी नेताम, सुमन जायसवाल, संगीता प्रवीण राव, रीता गौतम, जनक नेताम, नरेंद्र गौर, विनोद पांडे, मन्नू हिडको, पूर्व अध्यक्ष गणेश दुग्गा, गणेश जायसवाल, धनराज पांडे तथा नगर पंचायत के मुख्य नगर पालिका अधिकारी मयंक बसंतवानी भी समारोह में शामिल हुए। बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति में कार्यक्रम संपन्न हुआ।

समारोह के दौरान नव निर्वाचित पार्षदों ने नगर के विकास, जनसमस्याओं के समाधान और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन नगर के समग्र विकास और जनकल्याण के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता के संदेश के साथ हुआ।