भर्ती परीक्षा का प्रश्नपत्र बेचने के आरोप में भी घिरा कारोबारी दीपक टंडन
महिला डीएसपी कल्पना वर्मा से जुड़े विवाद के बाद होटल कारोबारी अंबेडकर उर्फ दीपक टंडन पर नए-नए आरोप सामने आ रहे हैं। उस पर भर्ती परीक्षा का प्रश्नपत्र बेचने, ठगी और कोयला आपूर्ति के नाम पर लाखों रुपए हड़पने के गंभीर आरोप हैं। सोशल मीडिया पर पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग तेज हो गई है।
UNITED NEWS OF ASIA. दंतेवाड़ा में पदस्थ महिला डीएसपी कल्पना वर्मा पर आरोप लगाकर सुर्खियों में आए होटल कारोबारी अंबेडकर उर्फ दीपक टंडन को लेकर लगातार नए खुलासे सामने आ रहे हैं। राजधानी रायपुर में उस पर भर्ती परीक्षा का प्रश्नपत्र बेचने के नाम पर ठगी करने का आरोप पहले से ही दर्ज है। वर्ष 2018 में सिविल लाइंस थाना रायपुर में उसके खिलाफ धारा 420 भादवि के तहत फ्रॉड का मामला दर्ज किया गया था, जिसमें अगले ही महीने चालान भी पेश कर दिया गया था।
एफआईआर के अनुसार, 15 अप्रैल 2018 को व्यापम द्वारा आयोजित राजस्व निरीक्षक (नगर निगम) भर्ती परीक्षा से पहले दीपक टंडन ने प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने का झांसा देकर उगाही की। बीरगांव निवासी जितेंद्र देवांगन ने शिकायत में बताया कि आरोपी ने प्रति अभ्यर्थी तीन लाख रुपए लेने की बात कही थी और 10वीं–12वीं की मूल अंकसूची जमा कराने की शर्त रखी थी। रकम और दस्तावेज लेने के लिए आरोपी ने शंकरनगर चौक पर रात में बुलाया, लेकिन बाद में टालमटोल करता रहा। पीड़ित के अनुसार आरोपी ने कहा कि पेपर नहीं आया है और जितना बनता है उतना बना लो। इस दौरान आरोपी द्वारा कुछ नकद रकम भी ली गई थी।
इधर, हाल ही में कोरबा कोर्ट ने कोयला आपूर्ति के नाम पर 27 लाख रुपए की ठगी के मामले में दीपक टंडन के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। वहीं सक्ती निवासी कोयला कारोबारी किशन शर्मा ने भी पुलिस को शिकायत दी है कि मार्च 2022 में बड़े टेंडर का झांसा देकर आरोपी ने उससे 15 लाख रुपए नकद लिए और बदले में ऐसे बैंक चेक दिए, जिनका खाता पहले ही बंद हो चुका था।
सोशल मीडिया पर इस पूरे प्रकरण को लेकर चर्चाएं तेज हैं। लोग सवाल उठा रहे हैं कि एक समय किताबों की दुकान चलाने वाला दीपक टंडन कैसे होटल कारोबारी बन गया और उसके पास कथित तौर पर करोड़ों रुपए नकद कहां से आए। महिला डीएसपी कल्पना वर्मा पर भी कारोबारी लेनदेन, नकदी और आभूषण लेने जैसे आरोप लगाए जा रहे हैं, हालांकि डीएसपी ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए वायरल चैट को फर्जी करार दिया है और कानूनी कार्रवाई की बात कही है।
फिलहाल, आरोपी दीपक टंडन पर रायपुर और कोरबा में दर्ज मामलों के चलते पूरे प्रदेश में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। आम लोग इस प्रकरण की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग कर रहे हैं, ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों पर कार्रवाई हो।