विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने विशेष ग्राम सभा आयोजित
कबीरधाम जिले की सभी ग्राम पंचायतों में 20 अगस्त 2026 को विकसित भारत जी राम जी योजना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। ग्राम सभाओं में गांव की प्राथमिकताओं का निर्धारण, 125 दिनों के रोजगार पर शपथ, संवाद मंच और विकास संदेश जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं।
UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l विकसित भारत के संकल्प को साकार करने और विकसित भारत जी राम जी योजना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 20 अगस्त 2026 को कबीरधाम जिले की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान विकसित भारत जी राम जी अधिनियम 2025 के अंतर्गत जन संवाद 2.0 और विकसित भारत ग्राम संकल्प कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कलेक्टर कबीरधाम गोपाल वर्मा के निर्देशानुसार आयोजित विशेष ग्राम सभाओं में पांच प्रमुख गतिविधियों का आयोजन किया गया। इनमें गांव की प्राथमिकता वाले कार्यों की पहचान के लिए वोटिंग वॉल का उपयोग किया गया। पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने अपने गांव की आवश्यकताओं के अनुसार कार्यों का चिन्हांकन किया और उन्हें चार्ट पेपर पर प्राथमिकता क्रम में प्रदर्शित किया।
ग्राम सभा के दौरान 125 दिनों का रोजगार मेरा अधिकार विषय पर ग्रामीणों को शपथ दिलाई गई। इसके साथ ही विकसित भारत संदेश कार्ड, जनता पूछे सवाल-पंचायत बताए जवाब के लिए संवाद मंच तथा तिरंगे के साथ विकास संदेश जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं। इन गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीणों को विकसित भारत के निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस संबंध में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत कबीरधाम अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि विशेष ग्राम सभा आयोजित करने का प्रमुख उद्देश्य विकसित भारत जी राम जी योजना को जन-जन तक पहुंचाना है। विकसित भारत का संकल्प तभी साकार हो सकेगा, जब समाज का प्रत्येक वर्ग इसमें सहभागी बने। गांव की आवश्यकता के अनुसार कार्यों की पहचान, 125 दिनों के रोजगार तथा आजीविका से जुड़ी गतिविधियों में युवाओं और महिलाओं को जोड़ना इस पहल का प्रमुख लक्ष्य है।
ग्राम सभाओं में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और योजना से संबंधित जानकारी प्राप्त की। इस दौरान जल संरक्षण, वृक्षारोपण और आजीविका संवर्धन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। ग्रामीणों को योजनाओं के उद्देश्यों और उनके प्रभावी क्रियान्वयन की जानकारी देकर जागरूक किया गया।
ग्राम सभा को ग्रामीणों तक एक साथ पहुंचने का सशक्त माध्यम बताया गया। योजना के बेहतर क्रियान्वयन के लिए ग्रामीणों से उनके विचार, सुझाव और शिकायतें भी प्राप्त की गईं। स्थानीय स्तर पर प्राप्त समस्याओं के यथासंभव समाधान की दिशा में भी चर्चा की गई।
विशेष ग्राम सभा के माध्यम से ग्रामीणों को विकास कार्यों की प्राथमिकता तय करने में सहभागी बनाने, रोजगार के अवसरों से जोड़ने और गांव की आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया।