दिल्ली पब्लिक स्कूल में शैक्षिक भ्रमण, खेल और रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन
दिल्ली पब्लिक स्कूल, महाराजपुर, कवर्धा में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से विभिन्न शैक्षिक एवं सह-शैक्षिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। कक्षा 6 के विद्यार्थियों ने पौधाशाला का भ्रमण कर पर्यावरण संरक्षण की जानकारी प्राप्त की, जबकि कक्षा 7 एवं 8 के विद्यार्थियों ने जिला एवं सत्र न्यायालय का शैक्षिक भ्रमण कर न्यायिक प्रक्रिया को समझा। इसके साथ ही इंटर हाउस खो-खो प्रतियोगिता और "स्टे कूल एंड स्टे सेफ" विषय पर पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता का भी सफल आयोजन किया गया।
UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l कबीरधाम जिले के महाराजपुर स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए शनिवार को विभिन्न शैक्षिक एवं सह-शैक्षिक गतिविधियों का सफल आयोजन किया गया। विद्यालय द्वारा आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों में व्यवहारिक ज्ञान, सामाजिक जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण की भावना, खेल भावना तथा रचनात्मक सोच का विकास करना था। सभी गतिविधियों में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ भाग लिया
कक्षा 6 के विद्यार्थियों के लिए पौधाशाला (नर्सरी) का शैक्षिक भ्रमण आयोजित किया गया। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रकार के पौधों, जंगली वृक्षों और उनके औषधीय गुणों के बारे में जानकारी प्राप्त की। विशेषज्ञों ने उन्हें पर्यावरण संरक्षण में पौधों की भूमिका तथा वृक्षारोपण के महत्व से अवगत कराया। विद्यार्थियों को पौधारोपण की सही विधि भी सिखाई गई और उनके मार्गदर्शन में बच्चों ने स्वयं पौधे लगाए। कार्यक्रम के अंत में प्रत्येक विद्यार्थी को एक-एक पौधा भेंट किया गया तथा सभी ने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी सुरक्षा का संकल्प लिया।
इसी क्रम में कक्षा 7 एवं 8 के विद्यार्थियों को जिला एवं सत्र न्यायालय, कवर्धा का शैक्षिक भ्रमण कराया गया। न्यायालय के अधिकारियों और कर्मचारियों ने विद्यार्थियों को न्यायालय की कार्यप्रणाली, न्यायिक प्रक्रिया, अभिलेख एवं दस्तावेज कक्ष, लेखा व्यवस्था तथा न्याय प्रणाली से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। विद्यार्थियों ने न्यायालय के विभिन्न अनुभागों का अवलोकन किया और कानून व्यवस्था को व्यवहारिक रूप से समझने का अवसर प्राप्त किया। इस भ्रमण से विद्यार्थियों में न्याय व्यवस्था के प्रति समझ और जागरूकता विकसित हुई।
विद्यालय में विद्यार्थियों के शारीरिक विकास एवं खेल भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से इंटर हाउस खो-खो प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में सभी हाउस के खिलाड़ियों ने अनुशासन, टीम भावना, खेल कौशल और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने खेल भावना का परिचय देते हुए दर्शकों का भी भरपूर उत्साह बढ़ाया।
इसके साथ ही कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए "स्टे कूल एंड स्टे सेफ" विषय पर पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता आयोजित की गई। यह प्रतियोगिता शिक्षा मंत्रालय द्वारा संचालित जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने गर्मी से बचाव, स्वास्थ्य सुरक्षा और जन-जागरूकता से जुड़े आकर्षक एवं संदेशपूर्ण पोस्टर तैयार किए। उनकी रचनात्मकता और सामाजिक संदेशों को शिक्षकों ने सराहा।
विद्यालय की प्राचार्या एवं शिक्षकों ने कहा कि इस प्रकार की शैक्षिक, खेल एवं रचनात्मक गतिविधियां विद्यार्थियों के बौद्धिक, शारीरिक, सामाजिक और नैतिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। विद्यालय भविष्य में भी इसी प्रकार की ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं व्यक्तित्व विकास से जुड़ी गतिविधियों का आयोजन करता रहेगा, जिससे विद्यार्थियों का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।