मड़ोदा में भाजपा झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ ने सामूहिक रूप से सुनी 'मन की बात', समाजसेवियों का किया सम्मान
दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के मड़ोदा में भाजपा झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 135वें एपिसोड का सामूहिक श्रवण किया गया। कार्यक्रम के दौरान पद्मश्री राधेश्याम बारले सहित सेवा, शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले नागरिकों का सम्मान किया गया। वक्ताओं ने प्रधानमंत्री जीवन बीमा योजना, 'लोकल फॉर वोकल' और राष्ट्र निर्माण में जनभागीदारी के संदेश को प्रेरणादायी बताया।
UNITED NEWS OF ASIA. रोहिताश सिंह, भुवाल l दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के मड़ोदा पुरेना मंडल अंतर्गत वार्ड क्रमांक 21 स्थित सूर्या नगर स्टेशन क्षेत्र में भाजपा झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 135वें एपिसोड का सामूहिक श्रवण आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, मातृशक्ति एवं स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर प्रधानमंत्री के विचारों को सुना और विभिन्न सामाजिक विषयों पर उनके संदेशों से प्रेरणा प्राप्त की
कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के सह संयोजक एवं मंडल प्रभारी दिनेश देवांगन प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। वहीं जिला भाजपा उपाध्यक्ष राजीव पाण्डेय, जिला मंत्री शालेंद्र शेंडे सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी कार्यक्रम में शामिल हुए। जिला झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ संयोजक दिनेश मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन मंडल उपाध्यक्ष नवीन सिन्हा ने किया।
सामूहिक श्रवण के बाद समाज सेवा, शिक्षा और सांस्कृतिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले नागरिकों का पौधा भेंटकर एवं गमछा ओढ़ाकर सम्मान किया गया। इस अवसर पर पंथी नृत्य के माध्यम से देश-विदेश में छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान स्थापित करने वाले पद्मश्री राधेश्याम बारले सहित विभिन्न समाजसेवियों का अभिनंदन किया गया। आयोजकों ने कहा कि समाज के लिए निस्वार्थ भाव से कार्य करने वाले लोगों का सम्मान नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दिनेश देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 'मन की बात' कार्यक्रम केवल रेडियो प्रसारण नहीं बल्कि समाज को सकारात्मक दिशा देने और प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बन चुका है। उन्होंने कहा कि इस बार प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री जीवन बीमा योजना की उपयोगिता पर विशेष रूप से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि मात्र 456 रुपये के वार्षिक प्रीमियम पर गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों को आर्थिक सुरक्षा का लाभ मिलता है तथा बीमित व्यक्ति की मृत्यु होने पर उसके आश्रितों को अधिकतम चार लाख रुपये तक की सहायता उपलब्ध होती है।
उन्होंने 'लोकल फॉर वोकल' अभियान को आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए स्थानीय उत्पादों को अपनाने और स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग को बढ़ावा देने का आह्वान भी किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक यदि स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देगा तो देश की अर्थव्यवस्था और स्थानीय रोजगार दोनों को मजबूती मिलेगी।
जिला झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ संयोजक दिनेश मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति जनता का विश्वास उनकी सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की नीतियों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि 'मन की बात' कार्यक्रम देशभर में लोगों को प्रेरित करता है और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का माध्यम बन चुका है। कार्यक्रम के अंत में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने राष्ट्रहित और समाज सेवा के संकल्प के साथ आयोजन को सफल बनाया।