युवाओं से संवाद में मंत्री गजेन्द्र यादव ने साझा की सरकार की योजनाएं, संगठन सशक्त बनाने पर दिया जोर
दुर्ग के सेवा सदन में भाजपा महिला मोर्चा एवं युवा मोर्चा के मंडल पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ आयोजित संवाद कार्यक्रम में मंत्री गजेन्द्र यादव ने युवाओं से संगठन की मजबूती, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, शहर के विकास और समसामयिक विषयों पर चर्चा की। उन्होंने युवाओं से शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
UNITED NEWS OF ASIA. रोहिताश सिंह भुवाल, दुर्ग l दुर्ग विधानसभा क्षेत्र के सेवा सदन में भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा एवं युवा मोर्चा के मंडल पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ परिचयात्मक एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के केबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव ने युवाओं के साथ संगठन को मजबूत बनाने, शहर के विकास, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा समसामयिक और राजनीतिक विषयों पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम में युवाओं ने भी सक्रिय सहभागिता करते हुए अपने विचार, सुझाव और अनुभव साझा किए तथा विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गजेन्द्र यादव ने कहा कि दुर्ग विधानसभा क्षेत्र के ऊर्जावान युवाओं के साथ संवाद करना उनके लिए प्रेरणादायी अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि देश और समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। यदि युवा सकारात्मक सोच और जनसेवा की भावना के साथ आगे बढ़ें तो समाज में बड़े परिवर्तन संभव हैं
उन्होंने कहा कि संवाद के दौरान युवाओं द्वारा दिए गए सुझावों और अपेक्षाओं को गंभीरता से सुना गया। साथ ही सरकार की नीतियों, विकास कार्यों और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और इसमें युवाओं की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।
गजेन्द्र यादव ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित राज्य सरकार की विभिन्न जनहितैषी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी साझा करते हुए युवाओं से आग्रह किया कि वे इन योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती केवल सदस्य संख्या से नहीं बल्कि कार्यकर्ताओं की सक्रियता, समर्पण और समाज के प्रति जिम्मेदारी से तय होती है।
उन्होंने युवाओं से विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ के निर्माण में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि महिला मोर्चा और युवा मोर्चा के कार्यकर्ता समाज में जागरूकता फैलाने का सबसे प्रभावी माध्यम हैं। यदि वे शासन की योजनाओं और उपलब्धियों की सही जानकारी लोगों तक पहुंचाएंगे तो अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ मिलेगा और सरकार तथा जनता के बीच विश्वास और संवाद और मजबूत होगा।
कार्यक्रम के दौरान महिला मोर्चा एवं युवा मोर्चा के मंडल पदाधिकारियों का परिचय प्राप्त किया गया तथा संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने के संबंध में विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। इसके साथ ही राज्य सरकार के विभिन्न विभागों, मंत्रालयीन कार्यों और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी चर्चा हुई। कार्यक्रम का उद्देश्य संगठनात्मक समन्वय बढ़ाने के साथ-साथ युवाओं को विकास और जनसेवा की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना रहा।