बस्तर में जनसेवा को मिलेगी नई गति, सोनू सूद और माँ मातंगी दिव्य धाम साथ करेंगे सेवा कार्य

प्रसिद्ध अभिनेता एवं समाजसेवी सोनू सूद और माँ मातंगी दिव्य धाम, जामगांव के पीठाधीश्वर डॉ. प्रेमासाई महाराज के बीच हुई मुलाकात में शिक्षा, स्वास्थ्य, गौसंरक्षण और बस्तर क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों के कल्याण को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने भविष्य में जनसेवा गतिविधियों को मिलकर आगे बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की।

Jun 29, 2026 - 11:18
 0  3
बस्तर में जनसेवा को मिलेगी नई गति, सोनू सूद और माँ मातंगी दिव्य धाम साथ करेंगे सेवा कार्य

UNITED NEWS OF ASIA. रिजवान मेमन, धमतरी l धमतरी में प्रसिद्ध बॉलीवुड अभिनेता एवं समाजसेवी सोनू सूद और माँ मातंगी दिव्य धाम, जामगांव के पीठाधीश्वर डॉ. प्रेमासाई महाराज के बीच आत्मीय भेंट एवं सार्थक संवाद हुआ। इस मुलाकात के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, गौसंरक्षण, आध्यात्मिक सेवा तथा विशेष रूप से बस्तर क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों के कल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। दोनों पक्षों ने भविष्य में जनहित के कार्यों को मिलकर आगे बढ़ाने की इच्छा व्यक्त की।

मुलाकात के दौरान डॉ. प्रेमासाई महाराज ने सोनू सूद का छत्तीसगढ़ की पावन धरती पर स्वागत करते हुए उन्हें आशीर्वाद प्रदान किया। उन्होंने सोनू सूद को माँ मातंगी दिव्य धाम में आयोजित होने वाले माँ कोत्रवै प्रतिमा स्थापना एवं प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव में शामिल होने का आमंत्रण दिया। सोनू सूद ने इस आमंत्रण को सहर्ष स्वीकार करते हुए कार्यक्रम में शामिल होने की सहमति जताई।

संवाद के दौरान डॉ. प्रेमासाई महाराज ने सूद चैरिटी फाउंडेशन द्वारा देशभर में किए जा रहे मानवसेवा कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी से लेकर आज तक जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए फाउंडेशन ने उल्लेखनीय कार्य किए हैं। साथ ही उन्होंने माँ मातंगी दिव्य धाम द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों की जानकारी भी साझा की।

उन्होंने बताया कि दिव्य धाम के माध्यम से बस्तर सहित विभिन्न क्षेत्रों के जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा सहायता, अस्थमा के निःशुल्क उपचार सहित स्वास्थ्य सेवाएं, आर्थिक सहयोग, गौसंरक्षण, आईटीबीपी जवानों के लिए आध्यात्मिक मार्गदर्शन तथा अन्य सामाजिक और धार्मिक गतिविधियां लगातार संचालित की जा रही हैं। इसके अलावा आने वाले समय में "माँ मातंगी शिक्षा रत्न" सम्मान की शुरुआत करने तथा बच्चों के लिए नैतिक शिक्षा और संस्कार की नियमित कक्षाएं शुरू करने की योजना भी बनाई गई है, जिससे नई पीढ़ी में शिक्षा के साथ संस्कार और सेवा की भावना विकसित हो सके।

बैठक में बस्तर क्षेत्र में जनसेवा गतिविधियों के विस्तार को लेकर भी सकारात्मक चर्चा हुई। माँ मातंगी दिव्य धाम की ओर से विश्वास व्यक्त किया गया कि शिक्षा, स्वास्थ्य, युवाओं, आदिवासी क्षेत्रों और जरूरतमंद परिवारों के कल्याण के लिए सूद चैरिटी फाउंडेशन के साथ मिलकर व्यापक स्तर पर कार्य किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक सहायता पहुंचाई जा सके।

सोनू सूद ने भी कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और जरूरतमंद परिवारों के उत्थान के लिए उनका प्रयास आगे भी निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने सेवा को समाज को जोड़ने और लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का सबसे प्रभावी माध्यम बताया। बैठक के अंत में दोनों पक्षों ने मानव कल्याण, सेवा और सहयोग की भावना के साथ भविष्य में संयुक्त रूप से जनहितकारी अभियान संचालित करने का संकल्प व्यक्त किया, जिससे बस्तर सहित छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों में जरूरतमंद लोगों को अधिक लाभ मिल सके।