स्वास्थ्य कर्मचारियों के हितों को मिलेगी नई धार, विमल मिंज बने छत्तीसगढ़ प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी संघ कोरिया के जिलाध्यक्ष
छत्तीसगढ़ प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी संघ कोरिया जिले की नई कार्यकारिणी का गठन करते हुए विमल मिंज को जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया। बैकुण्ठपुर में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में विभिन्न विकासखंडों के नवनियुक्त पदाधिकारियों ने भी पदभार ग्रहण किया।
UNITED NEWS OF ASIA. प्रदीप पाटकर, कोरिया | जिले में छत्तीसगढ़ प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी संघ की संगठनात्मक संरचना को नई मजबूती मिली है। संघ द्वारा विमल मिंज को कोरिया जिले का नया जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति संघ के प्रांताध्यक्ष अनिल पाण्डेय द्वारा 19 दिसंबर 2025 को आयोजित विशेष बैठक में पारित सर्वसम्मत प्रस्ताव के आधार पर की गई। बैठक में प्रांतीय सचिव आर.पी. गौतम, प्रांतीय संगठन सचिव एस.एस. राजवाड़े तथा निवर्तमान जिलाध्यक्ष एस.एस. जयसवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैकुण्ठपुर स्थित सांस्कृतिक भवन में 31 जनवरी को आयोजित कार्यक्रम में नवनियुक्त पदाधिकारियों का विधिवत शपथ ग्रहण समारोह संपन्न हुआ। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने निवर्तमान जिलाध्यक्ष श्री श्याम सुंदर जयसवाल को भावभीनी विदाई दी तथा नए जिलाध्यक्ष विमल मिंज का आत्मीय स्वागत किया।
प्रांताध्यक्ष अनिल पाण्डेय ने नियुक्ति पत्र जारी करते हुए कहा कि विमल मिंज लंबे समय से स्वास्थ्य कर्मचारियों के अधिकारों और हितों के लिए सक्रिय रूप से संघर्ष करते आ रहे हैं। उनके अनुभव, संगठन के प्रति समर्पण और कार्यशैली को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष विमल मिंज ने अपने संबोधन में कहा कि यह पद उनके लिए केवल दायित्व नहीं, बल्कि जिले के हजारों स्वास्थ्य कर्मचारियों की सेवा का संकल्प है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वेतन विसंगति, भत्तों, सुविधाओं, कार्यस्थल पर सुरक्षा और सम्मान से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ शासन-प्रशासन के समक्ष रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन टकराव की नहीं, संवाद और समाधान की नीति पर कार्य करेगा और कर्मचारियों व प्रशासन के बीच सेतु की भूमिका निभाएगा।
संगठन विस्तार के अंतर्गत सोनहत विकासखंड से दिलीप पाण्डेय को अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं बैकुण्ठपुर विकासखंड से अमरनाथ साहू तथा बचरापोंडी विकासखंड से रोशन कुमार को अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही बृज कुमार साहू को सर्वसम्मति से कार्यकारी जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के कार्यकारी प्रांताध्यक्ष आर.डी. दीवान, वरिष्ठ प्रांतीय सचिव आर.पी. गौतम, प्रांतीय संगठन सचिव सिंगार साय राजवाड़े सहित बड़ी संख्या में जिला एवं विकासखंड स्तर के पदाधिकारी, नर्सिंग स्टाफ, पैरामेडिकल कर्मचारी एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
विमल मिंज की नियुक्ति से जिले के स्वास्थ्य कर्मचारियों में उत्साह का माहौल है। कर्मचारियों का विश्वास है कि नए नेतृत्व में उनकी लंबित मांगों के निराकरण और कार्यस्थल की समस्याओं के समाधान को नई गति मिलेगी।