नगरगांव, पाड़ाभाठ और टेकारी के मड़ई मेले में शामिल हुए विधायक अनुज शर्मा, नगरगांव में सीसी रोड निर्माण की घोषणा
धरसींवा विधायक अनुज शर्मा ने नगरगांव, पाड़ाभाठ और टेकारी में आयोजित मड़ई मेले में शामिल होकर ग्रामीणों के साथ छत्तीसगढ़ी संस्कृति का उत्सव मनाया तथा नगरगांव श्मशानघाट में सीसी रोड निर्माण की घोषणा की।
UNITED NEWS OF ASIA.अमृतेश्वर सिंह, रायपुर | धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक अनुज शर्मा ने ग्राम नगरगांव, पाड़ाभाठ एवं टेकारी में आयोजित पारंपरिक मड़ई मेले में सहभागिता कर ग्रामीणों के साथ छत्तीसगढ़ी संस्कृति और परंपराओं का उत्सव मनाया। गांवों में पहुंचने पर ग्रामीणों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं युवा समितियों द्वारा विधायक का आत्मीय और भव्य स्वागत किया गया।
विधायक शर्मा ने मड़ई मेले के दौरान देवी-देवताओं की विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने ग्रामीणों से संवाद करते हुए कहा कि मड़ई मेला छत्तीसगढ़ की गौरवशाली लोक संस्कृति का जीवंत प्रतीक है। यह आयोजन केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि आपसी भाईचारे, मेल-मिलाप और सामाजिक एकता का सबसे सशक्त मंच है।
विधायक अनुज शर्मा ने कहा,
“जब तक हम अपनी माटी और अपनी संस्कृति का सम्मान करेंगे, हमारा प्रदेश उन्नति के शिखर पर रहेगा।”
उन्होंने कहा कि आज के आधुनिक दौर में भी अपनी जड़ों से जुड़े रहना हमारी सबसे बड़ी ताकत है। ग्रामीण अंचलों ने हमारी लोक परंपराओं, लोकगीतों और लोककला को आज भी जीवित रखा है। नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत पर गर्व करना चाहिए।
इस अवसर पर विधायक ने यह भी कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की लोक परंपराओं, सांस्कृतिक आयोजनों और ग्रामीण कला को संरक्षित करने एवं बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। ऐसे आयोजनों से सामाजिक समरसता मजबूत होती है और गांवों की पहचान सशक्त बनती है।
मड़ई मेले के दौरान ग्रामीणों द्वारा क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याएं एवं विकास से संबंधित मांगें भी विधायक के समक्ष रखी गईं। शर्मा ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि जनहित के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा।
इसी दौरान विधायक अनुज शर्मा ने ग्राम नगरगांव के श्मशानघाट में सीसी रोड निर्माण की घोषणा भी की, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र में मूलभूत अधोसंरचना को मजबूती प्राप्त होगी।
कार्यक्रम में विधायक अनुज शर्मा के साथ सविता चंद्राकर, दिनेश खूटे, बेदराम मनहरे, टिकेश्वर मनहरे, सुरेंद्र वर्मा, संतोष वर्मा, हरिशंकर वर्मा, प्रमोद निषाद, तोरण वर्मा, दयाशंकर निषाद, चंद्रकांत वर्मा, सीमा वर्मा सहित अनेक स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रमुख एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।