डूबान क्षेत्र में बहाल हुई पेयजल व्यवस्था, क्रेडा ने त्वरित सुधार कर चालू किया सोलर पंप

धमतरी जिले के ग्राम कोसमी (डूबान) में खराब पड़े सोलर ड्यूल पंप को जिला प्रशासन और क्रेडा विभाग की त्वरित कार्रवाई से सुधार कर पुनः चालू कर दिया गया। इससे ग्रामीणों को फिर से नियमित शुद्ध पेयजल मिलने लगा है। सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत प्रशासन द्वारा शिकायतों का तेजी से निराकरण किया जा रहा है।

May 13, 2026 - 19:53
 0  2
डूबान क्षेत्र में बहाल हुई पेयजल व्यवस्था, क्रेडा ने त्वरित सुधार कर चालू किया सोलर पंप

UNITED NEWS OF ASIA. रिजवान मेमन, धमतरी l धमतरी जिले के विकासखंड धमतरी अंतर्गत ग्राम कोसमी (डूबान) में पेयजल संकट की समस्या का त्वरित समाधान करते हुए जिला प्रशासन और क्रेडा विभाग ने खराब पड़े सोलर ड्यूल पंप को सुधार कर पुनः चालू कर दिया है। राज्य शासन के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम “सुशासन तिहार 2026” के तहत आम नागरिकों की समस्याओं के शीघ्र निराकरण और योजनाओं के प्रभावी संचालन की दिशा में प्रशासन लगातार सक्रिय नजर आ रहा है। इसी कड़ी में ग्राम कोसमी के ग्रामीणों को राहत मिली है।

जानकारी के अनुसार जल जीवन मिशन अंतर्गत क्रेडा द्वारा ग्राम कोसमी (डूबान) में सोलर आधारित ड्यूल पंप स्थापित किया गया था, जो तकनीकी खराबी के कारण बंद हो गया था। पंप के अकार्यशील होने से ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल मिलने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। मामले की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन ने गंभीरता दिखाते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की।

कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने क्रेडा विभाग को तत्काल समस्या के समाधान के निर्देश दिए। निर्देश मिलते ही क्रेडा जिला कार्यालय धमतरी की टीम सक्रिय हुई और जिला प्रभारी तुलसी राम ध्रुव के मार्गदर्शन में फील्ड अमला 11 मई 2026 को मौके पर पहुंचा। टीम ने सोलर पंप का तकनीकी परीक्षण किया और खराब पंप को निकालकर नया स्पेयर पंप स्थापित किया गया। मरम्मत और परीक्षण के बाद संयंत्र को पुनः पूरी तरह चालू कर दिया गया।

सोलर पंप के दोबारा शुरू होने के बाद ग्रामवासियों को नियमित रूप से शुद्ध पेयजल मिलने लगा है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और राज्य शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि त्वरित कार्रवाई से उनकी बड़ी समस्या का समाधान हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि डूबान क्षेत्र होने के कारण यहां पेयजल व्यवस्था बनाए रखना बेहद जरूरी है और प्रशासन ने समय रहते समस्या का समाधान कर राहत पहुंचाई है।

क्रेडा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि विभाग द्वारा विभिन्न योजनाओं से जुड़ी शिकायतों और मांगों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जा रहा है, ताकि हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के मिलता रहे। विशेष रूप से डूबान और दूरस्थ क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए नियमित निगरानी और मेंटेनेंस कार्य किया जा रहा है।

इस कार्य में जिला प्रभारी तुलसी राम ध्रुव, उप अभियंता गितेश कुमार सिन्हा, मैकेनिक धनेन्द्र कुमार देवांगन, ओमकार साहू सहित फील्ड स्टाफ यशवंत देशलहरे, गैंद लाल साहू, देवेन्द्र मारकण्डे और खमेश्वर साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सुशासन तिहार 2026 के तहत प्रशासन की इस सक्रियता से ग्रामीणों में शासन के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।