सुशासन तिहार में विधायक अनुज शर्मा ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश

रायपुर जिले के ग्राम ख़ौना में आयोजित सुशासन तिहार समाधान शिविर में विधायक अनुज शर्मा ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। शिविर में विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को प्रमाण पत्र और सामग्री भी वितरित की गई।

May 13, 2026 - 19:50
 0  2
सुशासन तिहार में विधायक अनुज शर्मा ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश

UNITED NEWS OF ASIA अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित सुशासन तिहार 2026 के तहत रायपुर जिले के ग्राम ख़ौना में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विधायक अनुज शर्मा ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में प्रदेशभर में 1 मई से 10 जून तक सुशासन तिहार का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना, शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और प्रशासन तथा जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है।

ग्राम ख़ौना में आयोजित शिविर के दौरान विधायक अनुज शर्मा ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार प्रशासन और जनता के बीच सीधे संवाद का एक महत्वपूर्ण मंच है, जिसके माध्यम से लोगों की समस्याओं का पारदर्शी और त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान विधायक ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से मुलाकात कर उनके अनुभव भी जाने। उन्होंने योजनाओं से मिले लाभ और उनके जीवन में आए सकारात्मक बदलावों की जानकारी ली। इस अवसर पर पात्र हितग्राहियों को किसान क्रेडिट कार्ड, आयुष्मान कार्ड, गैस सिलेंडर, ड्राइविंग लाइसेंस, कृषि बीज, आयुर्वेदिक दवाइयां तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास की चाबियां वितरित की गईं। महिलाओं को पोषण आहार और अन्य योजनाओं से संबंधित सामग्री भी प्रदान की गई।

शिविर में विभिन्न विभागों और स्व-सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का भी अवलोकन किया गया। ग्रामीणों ने योजनाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त की और अधिकारियों से सीधे चर्चा कर अपनी समस्याओं को रखा।

विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार सुशासन, सेवा और विकास के संकल्प के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में भाजपा सरकार का मुख्य उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। समाधान शिविर इसी सोच का सशक्त माध्यम बन रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि लोगों को छोटे-छोटे कामों के लिए दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। प्रशासन स्वयं गांवों तक पहुंचकर समस्याओं का समाधान कर रहा है, जिससे लोगों का विश्वास शासन के प्रति और मजबूत हो रहा है।

कार्यक्रम में गौरव सिंह, जिला पंचायत सीईओ कुमार विश्वरंजन, एसडीएम आशुतोष देवांगन, तहसीलदार चंद्रशेखर मंडाई सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और हितग्राहियों ने भाग लेकर शासन की योजनाओं का लाभ प्राप्त किया।

ग्रामीणों ने समाधान शिविर की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से उनकी समस्याओं का समाधान तेजी से हो रहा है और शासन की योजनाओं की जानकारी सीधे गांव स्तर तक पहुंच रही है।