करीब 280 वर्षों से अधिक प्राचीन इस मंदिर में हर वर्ष हनुमान जन्मोत्सव को विशेष उत्साह के साथ मनाया जाता है। इस बार भी आयोजन समिति द्वारा कई आकर्षक कार्यक्रमों की योजना बनाई गई है, जिसमें देशभर के प्रसिद्ध भजन गायक अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
इस वर्ष कार्यक्रम की खास बात यह है कि छत्तीसगढ़ी जासगीत के प्रसिद्ध गायक दिलीप सड़ंगी और राजस्थान (उदयपुर) के चर्चित भजन गायक नयन नंदवाना पहली बार खरसिया में प्रस्तुति देंगे। दोनों कलाकार अपने लोकप्रिय भजनों से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर करेंगे।
कार्यक्रम की शुरुआत 2 अप्रैल को सुबह 9 बजे मनोकामना निशान यात्रा से होगी, जो गंज बाजार से बाजे-गाजे और भजन-कीर्तन के साथ निकाली जाएगी। दोपहर में रायगढ़ की भजन मंडली द्वारा सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा, जबकि संध्या समय मंदिर प्रांगण में भगवान हनुमान का जन्मोत्सव मनाया जाएगा।
रात्रि 6 बजे से भव्य भजन संध्या का आयोजन होगा, जिसमें देश-विदेश में प्रसिद्ध गायक अपनी प्रस्तुतियों से माहौल भक्तिमय बनाएंगे। इसके साथ ही फूलों की होली, अलौकिक दरबार, भव्य श्रृंगार और आकर्षक लाइटिंग की विशेष व्यवस्था की जा रही है, जिसे कलकत्ता के कलाकारों द्वारा सजाया जाएगा।
सियाराम सखा मंडल के प्रमुख मनोज गोयल ने बताया कि नगर में इस आयोजन को लेकर काफी उत्साह है और हर वर्ष की तरह इस बार भी कार्यक्रम को और भव्य बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।
मंदिर के महाराज बिट्टू शर्मा ने जानकारी दी कि इस दौरान अखंड रामायण पाठ और ज्योत प्रज्ज्वलन भी किया जाएगा। श्रद्धालु मनोकामना निशान और ज्योत के लिए मंदिर से संपर्क कर सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि सियाराम सखा मंडल पिछले कई वर्षों से इस तरह के धार्मिक आयोजनों का सफल आयोजन करता आ रहा है। पिछले वर्ष भी प्रसिद्ध भजन गायिका शहनाज अख्तर ने अपनी प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया था।
इसके अलावा 3 अप्रैल को दोपहर 12 बजे से विशाल महाभंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
कुल मिलाकर, खरसिया में आयोजित होने वाला यह हनुमान जन्मोत्सव धार्मिक आस्था, भक्ति और सांस्कृतिक एकता का भव्य संगम बनने जा रहा है।