जल जीवन मिशन को करीब से समझने 120 विद्यार्थियों ने किया शैक्षणिक भ्रमण, जल शोधन से वितरण तक की ली जानकारी

सेवा संकल्प अभियान के तहत लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने ‘वन डिस्ट्रिक्ट–वन स्टूडेंट टूर–वन बेस्ट प्रैक्टिस’ पहल के अंतर्गत कबीरधाम जिले के विभिन्न शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के करीब 120 विद्यार्थियों का शैक्षणिक भ्रमण कराया। विद्यार्थियों ने सिंगल विलेज और समूह जल प्रदाय योजनाओं, जल शोधन संयंत्र, जल गुणवत्ता परीक्षण प्रयोगशाला और जल संरक्षण की प्रक्रिया को प्रत्यक्ष रूप से समझा।

Sep 27, 2026 - 13:58
 0  3
जल जीवन मिशन को करीब से समझने 120 विद्यार्थियों ने किया शैक्षणिक भ्रमण, जल शोधन से वितरण तक की ली जानकारी

UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l सेवा संकल्प अभियान के तहत लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा ‘वन डिस्ट्रिक्ट–वन स्टूडेंट टूर–वन बेस्ट प्रैक्टिस’ पहल के अंतर्गत कबीरधाम जिले के करीब 120 विद्यार्थियों का शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को ग्रामीण पेयजल योजनाओं की कार्यप्रणाली, जल शोधन, जल गुणवत्ता परीक्षण और जल संरक्षण से जुड़ी प्रक्रियाओं की व्यावहारिक जानकारी दी गई।

जल स्रोत से वितरण तक की प्रक्रिया समझी

शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने मिनमिनिया मैदान एवं ग्राम कटगो स्थित सिंगल विलेज जल प्रदाय योजना का अवलोकन किया। यहां विद्यार्थियों को योजना के संचालन एवं संधारण के साथ जल संरक्षण से संबंधित जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जल स्रोत से लेकर वितरण तक विभिन्न स्तरों पर व्यवस्थाएं संचालित की जाती हैं।

इसके बाद विद्यार्थियों को विकासखंड बोड़ला अंतर्गत पोड़ी समूह जल प्रदाय योजना के ग्राम भंडार स्थित जल शोधन संयंत्र का भ्रमण कराया गया। यहां विद्यार्थियों ने सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए अपनाई जाने वाली जल उपचार प्रक्रिया को करीब से देखा।

क्लोरीन डोजिंग और जल उपचार की जानकारी

जल शोधन संयंत्र के निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों ने क्लोरीन डोजिंग, जल उपचार और संयंत्र के विभिन्न अवयवों के संचालन की प्रक्रिया को समझा। विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विद्यार्थियों को जल शोधन के विभिन्न चरणों और उपचारित पानी को सुरक्षित तरीके से संग्रहित एवं वितरित करने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी।

इसके साथ ही विद्यार्थियों को उपखंड स्तरीय जल गुणवत्ता परीक्षण प्रयोगशाला का भी भ्रमण कराया गया। यहां विद्यार्थियों ने पानी की गुणवत्ता की जांच किस प्रकार की जाती है, इसकी जानकारी प्राप्त की। इस दौरान जल की गुणवत्ता और सुरक्षित पेयजल के महत्व को भी समझाया गया।

नौ स्कूलों के विद्यार्थी हुए शामिल

इस शैक्षणिक भ्रमण में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खुरहट्टा, मिनमिनिया मैदान, खड़ोदाकला, राम्हेपुरकला, सारंगपुरकला, लोहझरी, सिंघारी, पोड़ी एवं भालुचुवा के लगभग 120 विद्यार्थी शामिल हुए।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने जल स्रोत, जल शुद्धिकरण, उपचारित जल के भंडारण एवं वितरण, जल गुणवत्ता परीक्षण तथा ग्रामीण पेयजल योजनाओं के संचालन और संधारण की पूरी प्रक्रिया को प्रत्यक्ष रूप से समझा।

जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास

इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को ग्रामीण पेयजल योजनाओं की जमीनी कार्यप्रणाली से परिचित कराने के साथ जल संरक्षण, सुरक्षित पेयजल और जल गुणवत्ता के प्रति जागरूक करना है। प्रत्यक्ष भ्रमण के माध्यम से विद्यार्थियों को जल प्रबंधन से जुड़े विषयों को व्यावहारिक रूप से समझने का अवसर मिला।

‘वन डिस्ट्रिक्ट–वन स्टूडेंट टूर–वन बेस्ट प्रैक्टिस’ के तहत आयोजित यह शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों को जल जीवन मिशन की योजनाओं और ग्रामीण पेयजल व्यवस्था की वास्तविक कार्यप्रणाली से जोड़ने का प्रयास रहा। इससे विद्यार्थियों में जल के महत्व, उसके संरक्षण और सुरक्षित पेयजल के प्रति समझ विकसित करने में मदद मिलने की उम्मीद है।