महापौर मीनल चौबे ने जोन-4 की समीक्षा बैठक में दिए सख्त निर्देश, जलभराव रोकने और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर
रायपुर महापौर मीनल चौबे ने नगर निगम जोन-4 में पार्षदों और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर जलभराव, सफाई, अवैध निर्माण और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को वार्डों में नियमित निरीक्षण कर जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे ने नगर निगम जोन-4 कार्यालय पहुंचकर पार्षदों एवं अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में वार्डों की जनसमस्याओं, विकास कार्यों, जलभराव, सफाई व्यवस्था और अवैध निर्माणों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। महापौर ने अधिकारियों को पार्षदों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान महापौर ने सभी पार्षदों से उनके वार्डों की प्रमुख समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर सुझाव लिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी केवल कार्यालय तक सीमित न रहें, बल्कि नियमित रूप से वार्डों का दौरा कर मौके पर समस्याओं का निरीक्षण करें और उनका समयबद्ध समाधान करें। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को जनप्रतिनिधियों तथा आम नागरिकों के साथ संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार करने की भी हिदायत दी।
मीनल चौबे ने विशेष रूप से बारिश के मौसम में जलभराव की समस्या पर गंभीरता दिखाते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन क्षेत्रों में जलभराव की शिकायतें आती हैं, वहां नालियों और जल निकासी तंत्र की व्यवस्थित सफाई कराई जाए। उन्होंने कहा कि ऐसी व्यवस्था बनाई जाए जिससे एक ही स्थान पर बार-बार जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो और नागरिकों को राहत मिल सके।
बैठक में शहर के विभिन्न वार्डों में हो रहे अवैध निर्माणों पर भी चर्चा हुई। महापौर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि नियमों का उल्लंघन करने वाले निर्माण कार्यों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि शहर का सुव्यवस्थित विकास नगर निगम की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
महापौर ने अधिकारियों से कहा कि विकास कार्यों में तेजी लाने के लिए पार्षदों के साथ लगातार संवाद बनाए रखें। वार्ड स्तर पर सड़क, नाली, सफाई और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए ताकि योजनाओं का लाभ समय पर लोगों तक पहुंच सके।
बैठक में जोन-4 अध्यक्ष मुरली शर्मा, एमआईसी सदस्य अमर गिदवानी, पार्षद अर्जुमन एजाज ढेबर, अजय साहू, पार्षद प्रतिनिधि संतोष हियाल, जोन कमिश्नर डॉ. दिव्या चंद्रवंशी, कार्यपालन अभियंता शेखर सिंह, सहायक अभियंता दीपक देवांगन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के समापन के बाद महापौर मीनल चौबे ने पार्षद प्रतिनिधि संतोष हियाल को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर पार्षदों और अधिकारियों ने केक काटकर उन्हें बधाई दी तथा उनके स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।