फुण्डहर यूथ हॉस्टल पहुंचीं मीनल चौबे, नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के विद्यार्थियों की समस्याएं सुनीं
रायपुर महापौर मीनल चौबे ने फुण्डहर स्थित यूथ हॉस्टल का निरीक्षण कर नक्सल प्रभावित क्षेत्रों से आए विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए और सीजी पीएससी मुख्य परीक्षा देने वाले 25 युवाओं को शुभकामनाएं दीं।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे ने नगर निगम जोन-9 अंतर्गत फुण्डहर स्थित यूथ हॉस्टल का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों से आए विद्यार्थियों और युवाओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने और समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने हॉस्टल में रह रहे 100 से अधिक विद्यार्थियों से बातचीत की। उन्होंने छात्रों से उनके अध्ययन, आवास, भोजन, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और अन्य आवश्यक सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। विद्यार्थियों ने भी अपनी जरूरतों और सुझावों से उन्हें अवगत कराया।
महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हॉस्टल में रहने वाले विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि प्रशासन की जिम्मेदारी केवल आवास उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि युवाओं को ऐसा वातावरण देना भी है, जहां वे पूरी एकाग्रता के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकें।
निरीक्षण के दौरान यह जानकारी सामने आई कि फुण्डहर यूथ हॉस्टल में रहकर अध्ययन कर रहे 25 विद्यार्थियों ने हाल ही में छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजी पीएससी) की मुख्य परीक्षा दी है। इस पर महापौर ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी अभ्यर्थियों को उज्ज्वल भविष्य और सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
मीनल चौबे ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों से निकलकर कठिन परिस्थितियों के बावजूद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करना सराहनीय है। उन्होंने युवाओं से पूरी मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सफलता प्राप्त कर वे अपने गांव, जिले, राज्य और परिवार का नाम रोशन कर सकते हैं।
महापौर ने यह भी कहा कि राज्य और समाज के विकास में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर प्रशासनिक सेवाओं में आने वाले युवा समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी मेहनत और लगन को बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि नगर निगम और प्रशासन उनकी आवश्यक सुविधाओं के लिए हरसंभव सहयोग करेगा।
निरीक्षण के दौरान जोन-9 के जोन कमिश्नर राकेश शर्मा, कार्यपालन अभियंता शरद ध्रुव, उप अभियंता अतुल बंसल सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने महापौर को हॉस्टल की व्यवस्थाओं और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी तथा आवश्यक सुधारात्मक कार्यों से भी अवगत कराया।