अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने होटल और लॉज संचालकों के आगंतुक पंजी (रजिस्टर) का गहन निरीक्षण किया। रजिस्टर में दर्ज प्रविष्टियों का मिलान कर यह देखा गया कि प्रत्येक ठहरे हुए व्यक्ति का वैध पहचान पत्र दर्ज किया गया है या नहीं। जिन व्यक्तियों के दस्तावेज संदेहास्पद पाए गए, उनसे मौके पर ही पूछताछ कर आवश्यक जानकारी एकत्रित की गई और उनकी गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हाल के दिनों में संदिग्ध व्यक्तियों की आवाजाही तथा चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं की सूचनाओं को ध्यान में रखते हुए यह अभियान चलाया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जिले में ठहरने वाले प्रत्येक व्यक्ति की पहचान सत्यापित हो और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को प्रारंभिक स्तर पर ही रोका जा सके।
चेकिंग के दौरान होटल एवं ढाबों में यह भी विशेष रूप से जांच की गई कि कहीं बिना वैधानिक अनुमति के शराब परोसी या पिलाई तो नहीं जा रही है। पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया कि बिना लाइसेंस शराब परोसना दंडनीय अपराध की श्रेणी में आता है। यदि किसी भी होटल, ढाबा या लॉज में इस प्रकार की गतिविधि पाई जाती है, तो संबंधित संचालक के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस टीमों ने संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। उन्हें बताया गया कि सभी आगंतुकों का वैध पहचान पत्र अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए, रजिस्टर को अद्यतन रखा जाए तथा परिसर में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों को हर समय सक्रिय अवस्था में रखा जाए। इसके साथ ही किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि या चोरी की आशंका होने पर तत्काल संबंधित थाना को सूचना देने के लिए कहा गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस प्रकार की नियमित जांच से न केवल अवैध गतिविधियों पर रोक लगती है, बल्कि होटल और लॉज संचालकों में भी नियमों के पालन के प्रति जागरूकता बढ़ती है। इससे जिले में ठहरने वाले आम नागरिकों और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित होती है।
धमतरी पुलिस द्वारा यह भी स्पष्ट किया गया है कि जिले में शांति, सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से इस तरह के सघन जांच एवं निगरानी अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे। पुलिस प्रशासन का मानना है कि लगातार निगरानी और त्वरित कार्रवाई से असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकेगा और जिले में कानून-व्यवस्था की स्थिति और अधिक सुदृढ़ होगी।