इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार गांवों को शहरों से जोड़ने के लिए सड़कों के नेटवर्क को सुदृढ़ कर रही है, ताकि ग्रामीणों को आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बाजार तक पहुंच में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।
भूमिपूजन किए गए कार्यों में एम.एल. 01 मेन रोड से बैहरसरी तक 8.80 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण 6 करोड़ 5 लाख 87 हजार रुपये की लागत से किया जाएगा।
मदनपुर से बटुराकछार तक 1.40 किलोमीटर सड़क 2 करोड़ 69 लाख 81 हजार रुपये की लागत से बनेगी। वहीं खड़ौदा से मदनपुर तक 3.40 किलोमीटर सड़क का निर्माण, मजबूती और उन्नयन 3 करोड़ 87 लाख 87 हजार रुपये की लागत से किया जाएगा।
इन तीनों सड़कों के निर्माण से क्षेत्र के कई गांवों को बेहतर और सुरक्षित सड़क सुविधा मिलेगी तथा ग्रामीणों का शहरों से संपर्क पहले से कहीं अधिक मजबूत होगा। उप मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर ग्राम बैहरसरी में 25 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा भी की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि अच्छी सड़कें केवल आवागमन का साधन नहीं होतीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास का आधार बनती हैं। सड़क बनने से किसानों को अपनी फसल मंडी तक पहुंचाने में सुविधा होगी, परिवहन लागत कम होगी और समय की बचत होगी। विद्यार्थियों को स्कूल एवं कॉलेज पहुंचने में आसानी होगी तथा मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि हर गांव को मूलभूत सुविधाओं से जोड़कर ग्रामीण जीवन को सशक्त बनाया जाए। इसी दिशा में सड़कों के साथ-साथ सामुदायिक भवन, जल संरक्षण, तालाब निर्माण और अन्य अधोसंरचना विकास कार्यों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उप मुख्यमंत्री ने विकसित भारत जी राम जी योजना के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना के अंतर्गत अब प्रत्येक ग्रामीण परिवार को पहले की तुलना में अधिक दिनों तक रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। यदि तय अवधि में कार्य उपलब्ध नहीं कराया जाता है, तो संबंधित परिवार को बेरोजगारी भत्ता देने का भी प्रावधान रखा गया है। उन्होंने बताया कि अब ग्राम पंचायतें स्वयं अपनी प्राथमिकताओं के अनुसार विकास कार्य तय करेंगी, जिससे स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाओं का क्रियान्वयन संभव होगा।
उन्होंने यह भी बताया कि नई सरकार के गठन के बाद बड़ी संख्या में प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं। आवास प्लस 2024 सर्वे के माध्यम से वास्तविक पात्र परिवारों की पहचान कर सूची ग्राम सभा में प्रस्तुत की जाएगी और प्रस्ताव के पश्चात क्रमवार सभी पात्र हितग्राहियों को पक्के आवास उपलब्ध कराए जाएंगे। सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी गरीब परिवार कच्चे मकान में न रहे और सभी को सुरक्षित एवं सम्मानजनक आवास मिले।
कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विदेशी राम धुर्वे, विजय पटेल, मनीराम साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।