बालोद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: घर से 2.010 किलो गांजा जब्त, आरोपी गिरफ्तार

बालोद पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान के तहत एक आरोपी को उसके घर से 2.010 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा, मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

Jun 26, 2026 - 18:31
 0  99
बालोद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: घर से 2.010 किलो गांजा जब्त, आरोपी गिरफ्तार

UNITED NEWS OF ASIA. सुनील साहू, बालोद l बालोद जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। थाना बालोद पुलिस ने अवैध रूप से गांजा बिक्री की तैयारी कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 2.010 किलोग्राम गांजा, एक मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख 500 रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज अभिषेक शांडिल्य के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर के पर्यवेक्षण तथा एसडीओपी बोनीफास एक्का एवं थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा के नेतृत्व में की गई।

25 जून को थाना बालोद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि वार्ड क्रमांक 9, मरारपारा बालोद निवासी राजदीप शर्मा अपने घर में बिक्री के उद्देश्य से बड़ी मात्रा में गांजा छिपाकर रखा हुआ है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम स्वतंत्र गवाहों के साथ मौके पर पहुंची और नियमानुसार घर की तलाशी ली।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से खाकी रंग के टेप से लिपटा 2.010 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। इसके साथ ही एक सैमसंग-जे एंड्रॉयड मोबाइल फोन और आधार कार्ड भी जब्त किया गया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह गांजा ओडिशा के नुआपाड़ा क्षेत्र से लाकर बालोद में बिक्री के उद्देश्य से अपने घर में रखता था।

बरामद गांजे की कीमत लगभग 1,00,500 रुपये तथा मोबाइल फोन की कीमत करीब 5 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने सभी जब्त सामग्री का पंचनामा तैयार कर वैधानिक कार्रवाई पूरी की।

इस मामले में थाना बालोद में अपराध क्रमांक 303/2026 दर्ज करते हुए आरोपी के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) एक्ट की धारा 20(ख) के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई को सफल बनाने में थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक इन्द्रजीत सिदार, आश्मा कुर्रे, आरक्षक संजय सोनी, खिलेश नेताम, मनोज चन्द्रा, लिखन आर्य, महिला आरक्षक पूर्णिमा ठाकुर, ममता तथा आरक्षक वेदप्रकाश भुआर्य की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

बालोद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं मादक पदार्थों की अवैध बिक्री या तस्करी की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समाज को नशे के दुष्प्रभाव से बचाने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जा सके।