घर-घर चलो महासंपर्क अभियान में ग्रामीणों के बीच पहुंचे विधायक अनुज शर्मा, मुर्रा, देवरी और अकोली में किया जनसंवाद

भाजपा के ‘घर-घर चलो महासंपर्क अभियान’ के तहत विधायक अनुज शर्मा ने मुर्रा, देवरी और अकोली गांवों का दौरा कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी, वरिष्ठजनों का सम्मान किया और स्थानीय समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया।

Jun 11, 2026 - 10:37
 0  2
घर-घर चलो महासंपर्क अभियान में ग्रामीणों के बीच पहुंचे विधायक अनुज शर्मा, मुर्रा, देवरी और अकोली में किया जनसंवाद

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे ‘घर-घर चलो महासंपर्क अभियान’ के तहत धरसींवा विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क गतिविधियों को गति देते हुए विधायक अनुज शर्मा ने ग्राम मुर्रा, देवरी और अकोली का सघन दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं और सुझावों को जाना तथा केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की।

महासंपर्क अभियान के दौरान विधायक अनुज शर्मा ने गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर लोगों से आत्मीय मुलाकात की। उन्होंने बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया, महिलाओं और युवाओं से चर्चा की तथा ग्रामीणों की स्थानीय समस्याओं को गंभीरता से सुना। ग्रामीणों ने भी उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया और अपने बीच पाकर खुशी व्यक्त की।

दौरे के दौरान विधायक की सादगी और सहजता ने लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने एक साधारण कार्यकर्ता के घर पहुंचकर परिवार के साथ जमीन पर बैठकर भोजन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि गांव के लोगों का प्रेम और अपनापन ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और ग्रामीणों के बीच बैठकर भोजन करने का अनुभव किसी भी बड़े आयोजन से अधिक आत्मीय होता है।

अभियान के तहत विधायक ने महतारी वंदन योजना, किसान उन्नति योजना, आयुष्मान भारत योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी और पात्र लोगों से इन योजनाओं का लाभ लेने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है।

ग्रामीणों के साथ संवाद के दौरान विधायक ने विकास कार्यों पर भी चर्चा की। वरिष्ठ नागरिकों और गांव के प्रमुख लोगों के साथ बैठक कर उन्होंने क्षेत्र की आवश्यकताओं और भविष्य की विकास योजनाओं पर विचार-विमर्श किया। इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क, बिजली, पानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं उनके समक्ष रखीं।

विधायक अनुज शर्मा ने संबंधित अधिकारियों को इन समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश देने की बात कही और भरोसा दिलाया कि धरसींवा विधानसभा के प्रत्येक गांव के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि गांवों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान भाजपा की परंपरा के अनुरूप वरिष्ठजनों का सम्मान भी किया गया। बुजुर्गों को शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनके अनुभवों और सुझावों को विकास की दिशा में महत्वपूर्ण बताया गया।

महासंपर्क अभियान में भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, समाज प्रमुख, बूथ अध्यक्ष, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विधायक ने ग्रामीणों का स्नेह, सहयोग और विश्वास के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसेवा और क्षेत्र के विकास के लिए उनके द्वार सदैव खुले रहेंगे।