17 सितंबर से BJP का सेवा संकल्प अभियान, मंत्री ओपी चौधरी ने पांच जिलों की वर्चुअल बैठक लेकर दिए निर्देश

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्षों की जनसेवा, नेतृत्व और समर्पण के प्रति आभार व्यक्त करने के उद्देश्य से भाजपा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी। वित्त मंत्री एवं प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी ने सरगुजा, जशपुर, जांजगीर-चांपा, रायगढ़ और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिलों की वर्चुअल बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की। अभियान में ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’ और ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ सहित कई गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

Sep 9, 2026 - 20:54
 0  2
17 सितंबर से BJP का सेवा संकल्प अभियान, मंत्री ओपी चौधरी ने पांच जिलों की वर्चुअल बैठक लेकर दिए निर्देश

UNITD NEWS OF ASIA. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्षों की जनसेवा, नेतृत्व और समर्पण के प्रति आभार व्यक्त करने तथा विकसित भारत-2047 के संकल्प को जनभागीदारी से जोड़ने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी। अभियान के सफल संचालन को लेकर वित्त मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सरगुजा, जशपुर, जांजगीर-चांपा, रायगढ़ और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिलों की प्रशासनिक बैठक ली। इस दौरान उन्होंने अभियान की तैयारियों, कार्ययोजना और विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों की समीक्षा की।

ओपी चौधरी ने अधिकारियों से अभियान के लिए नियुक्त नोडल और सहायक नोडल अधिकारियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि अभियान की प्रत्येक गतिविधि का बेहतर विभागीय समन्वय के साथ समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने ग्राम, वार्ड, विकासखंड और जिला स्तर पर अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनप्रतिनिधियों के साथ स्वयंसेवी संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों, स्व-सहायता समूहों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को भी अभियान से जोड़ने पर जोर दिया गया।

ओपी चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की यात्रा केवल राजनीतिक जीवन का एक पड़ाव नहीं है, बल्कि जनसेवा, नेतृत्व और भारत की क्षमता में विश्वास की यात्रा के रूप में इसे जनता के बीच रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जन-आभार के साथ विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प को भी जनभागीदारी का स्वरूप देने का प्रयास किया जाएगा।

अभियान की शुरुआत 17 सितंबर की शाम ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। इसके तहत परिवारों को दीप प्रज्वलन से जोड़ने की पहल की जाएगी। प्रत्येक दीप को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन के प्रति आभार और विकसित भारत-2047 के संकल्प के प्रतीक के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। मैदानी स्तर पर कार्यकर्ता और टीमें नागरिकों को इस पहल में सहभागी बनने के लिए प्रेरित करेंगी।

17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक शासकीय और निजी विद्यालयों में ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ पहल के तहत ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से नई पीढ़ी के विकसित भारत को लेकर विचार और कल्पनाओं को सामने लाया जाएगा। उत्कृष्ट प्रतिभागियों को सम्मानित करने के साथ बच्चों की कल्पनाओं को प्रदर्शित करने की भी योजना है।

‘नमो सेवा गाथा’ के अंतर्गत नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवा कार्यों से जुड़े विषयों को आम लोगों तक पहुंचाया जाएगा। वहीं 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन का उत्सव’ आयोजित होगा। इसमें माताओं और बच्चों की सहभागिता के साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाएगा तथा पोषण, मातृ सहायता, टीकाकरण और महिला-बाल कल्याण योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

‘कहानी बदलाव की’ पहल के तहत सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की वास्तविक सफलता की कहानियां संकलित की जाएंगी। वहीं ‘सेवा मेरा योगदान’ के माध्यम से नागरिकों और विभिन्न संस्थाओं को सेवा गतिविधियों में भाग लेने का अवसर दिया जाएगा। स्वच्छता सहित विभिन्न सामाजिक गतिविधियों को अभियान से जोड़ा जाएगा।

‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के तहत विधानसभा और विकासखंड स्तर पर शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं की जानकारी देने और उन्हें योजनाओं से जोड़ने पर जोर रहेगा। इसके अलावा ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘जल जन सेवा संकल्प’, ‘रंगोली राष्ट्र’, ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ और ‘जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट’ जैसी गतिविधियां भी प्रस्तावित हैं।

‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ के जरिए युवाओं को स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए रिसर्च और नवाचार के अवसर दिए जाएंगे। अभियान की तैयारियों से जुड़ी बैठक में संबंधित जिलों के कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।