वीडी शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में सेवा भाव और जनकल्याण से जुड़े कार्यों को जनता तक पहुंचाने के उद्देश्य से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। इस दौरान अलग-अलग क्षेत्रों में सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। साथ ही पात्र लोगों को केंद्र सरकार की योजनाओं से जोड़ने और युवाओं को सेवा तथा नवाचार से जोड़ने के लिए विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
अभियान के तहत ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘सेवा चित्र’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘सेवा स्मरण’, ‘आंगन का उत्सव’ और ‘कहानी बदलाव की’ जैसे कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। इसके अलावा ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’ तथा वडनगर से वाराणसी तक ‘जल जन और सेवा संकल्प यात्रा’ जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत 25 सेवा गतिविधियों को अभियान का हिस्सा बनाया जाएगा। इसके साथ ही ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘रंगोली राष्ट्र’ और ‘जनसेवक महाकुंभ’ जैसे कार्यक्रम भी होंगे।
भाजपा क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल ने कहा कि पार्टी प्रत्येक वर्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर के अवसर पर देशभर में सेवा पखवाड़ा आयोजित करती है। उन्होंने कहा कि मोदी का व्यक्तित्व लंबे समय से सेवा भाव से जुड़ा रहा है। इस वर्ष उनके सार्वजनिक जीवन से जुड़े 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर सेवा पखवाड़े को विस्तार देते हुए एक महीने का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी और आगामी 7 अक्टूबर को इस महत्वपूर्ण पड़ाव के 25 वर्ष पूरे होंगे।
प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने कहा कि अभियान में आम नागरिकों और युवाओं की भूमिका भी महत्वपूर्ण होगी। ‘सेवा में मेरा योगदान’ कार्यक्रम के माध्यम से लोगों से सेवा कार्यों को रील्स और अन्य माध्यमों से साझा करने की अपील की जाएगी, ताकि सेवा गतिविधियों को दूसरों के लिए प्रेरणा का माध्यम बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए ‘सेवा सेतु अभियान’ सरकार की योजनाओं और लाभार्थियों के बीच प्रभावी कड़ी के रूप में काम करेगा।
भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं अभियान के प्रदेश संयोजक यशवंत जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की राजनीतिक यात्रा को विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से जनता तक पहुंचाया जाएगा। वहीं प्रदेश उपाध्यक्ष जी. वेंकटेश्वर ने बताया कि युवाओं की प्रतिभा और नवाचार क्षमता को बढ़ावा देने के लिए ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ आयोजित किया जाएगा। इसमें स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए युवाओं को रिसर्च और इनोवेशन के माध्यम से समाधान प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता ब्लॉक, जिला और प्रदेश स्तर पर आयोजित किए जाने की योजना है।
कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय ने किया। बैठक में भाजपा प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी सहित सेवा संकल्प अभियान के विभिन्न कार्यक्रमों के संयोजक, सह संयोजक और सदस्य मौजूद रहे।