भैयाथान के केंवरा चौक से तिरंगा यात्रा की शुरुआत हुई। यात्रा में बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं, युवा और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। विद्यार्थियों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों के साथ पूरे क्षेत्र में देशभक्ति का वातावरण बनाया। तिरंगे के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ते विद्यार्थियों और युवाओं में स्वतंत्रता दिवस को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया।
इसके बाद भटगांव के त्रिपाठी चौक में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यहां भी विद्यार्थियों, शिक्षकों, युवाओं और नागरिकों की बड़ी संख्या में भागीदारी रही। यात्रा के दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। लोगों ने तिरंगे के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए राष्ट्रीय एकता और देश की अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
लटोरी के हाई स्कूल ग्राउंड से निकली तिरंगा यात्रा में विभिन्न विद्यालयों के सैकड़ों विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। युवाओं की बड़ी भागीदारी ने यात्रा को विशेष उत्साह प्रदान किया। तिरंगा लेकर आगे बढ़ते विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रप्रेम और जिम्मेदार नागरिकता का संदेश दिया। तीनों स्थानों पर आयोजित यात्राओं ने जिले में स्वतंत्रता दिवस को लेकर उत्साह और जनभागीदारी को और मजबूत किया।
इस अवसर पर मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। विद्यार्थियों और युवाओं ने जिस उत्साह के साथ तिरंगा यात्राओं में सहभागिता की है, वह राष्ट्र के प्रति उनके सम्मान और जिम्मेदारी की भावना को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि ऐसी यात्राएं समाज में राष्ट्रीय एकता, भाईचारे और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का माध्यम बनती हैं।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि यह उन स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को याद करने का भी दिन है, जिनके प्रयासों से देश को आजादी मिली। नई पीढ़ी को देश के इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम से परिचित कराने तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण हैं।
मंत्री ने युवाओं और विद्यार्थियों से देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सदैव सम्मान बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज के युवा ही आने वाले समय में देश की दिशा तय करेंगे। शिक्षा, अनुशासन, जिम्मेदारी और राष्ट्रप्रेम के साथ युवा देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
कार्यक्रमों में विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। तिरंगा यात्राओं के माध्यम से भैयाथान, भटगांव और लटोरी में स्वतंत्रता दिवस से पहले राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला। इन आयोजनों ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जनभागीदारी से जोड़ते हुए जिलेवासियों में राष्ट्रीय गौरव की भावना को और मजबूत किया।