तिरंगा यात्रा का शुभारंभ विधायक अनुज शर्मा ने विधानसभा चौक से राष्ट्रीय ध्वज लहराकर किया। पूरी यात्रा के दौरान विधायक स्वयं बाइक पर सवार होकर सबसे आगे रहे। उनके साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और युवा तिरंगा लेकर रैली में शामिल हुए। हाथों में लहराते राष्ट्रध्वज और भारत माता की जय तथा वंदे मातरम् के नारों से पूरा क्षेत्र देशभक्ति के वातावरण में नजर आया।
विधानसभा चौक से प्रारंभ हुई यात्रा बरोदा, भुरकोनी, मांढ़र, सिलतरा, चरौदा, धरसींवा, कुंरा, देवरी, मनोहरा, कुथरेल, मलौद, कुरुद, सिलयारी, बरतोरी, खौना, कुर्रा, बंगोली, मुरा और मोहरेंगा सहित विभिन्न गांवों से होते हुए नगर पंचायत खरोरा पहुंची। यात्रा के मार्ग में ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया। कई स्थानों पर पुष्पवर्षा, आरती और आतिशबाजी के माध्यम से तिरंगा यात्रा का अभिनंदन किया गया।
इस दौरान विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि तिरंगा केवल तीन रंगों का कपड़ा नहीं, बल्कि देश के करोड़ों नागरिकों के स्वाभिमान, स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और भारत की गौरवशाली पहचान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि तिरंगे का केसरिया रंग वीरता और त्याग, सफेद रंग शांति तथा हरा रंग समृद्धि और खुशहाली का संदेश देता है, जबकि अशोक चक्र निरंतर प्रगति और गतिशीलता का प्रतीक है।
विधायक ने कहा कि धरसींवा क्षेत्र में तिरंगा यात्रा के दौरान जिस तरह लोगों ने उत्साह के साथ सहभागिता की, वह राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की मजबूत भावना को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल एक बाइक रैली नहीं, बल्कि देश के अमर बलिदानियों को श्रद्धांजलि देने और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को याद करने का अवसर है।
उन्होंने क्षेत्रवासियों और कार्यकर्ताओं से देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत बनाए रखने तथा राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। विधायक ने कहा कि भारत तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है और प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए देश और प्रदेश की प्रगति में योगदान देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि युवाओं में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना मजबूत करना समय की आवश्यकता है। तिरंगा यात्रा जैसे आयोजन लोगों को देश के प्रति अपने कर्तव्यों और स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष एवं बलिदान की याद दिलाते हैं।
यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में मातृशक्ति, युवा, भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक शामिल रहे। गांव-गांव में मिले जनसमर्थन से यात्रा का उत्साह लगातार बढ़ता गया। पूरे मार्ग में तिरंगों की कतार और देशभक्ति के नारों से धरसींवा विधानसभा क्षेत्र का माहौल राष्ट्रभक्ति से सराबोर रहा।
खरोरा पहुंचने के बाद तिरंगा यात्रा का गरिमामय समापन किया गया। इस अवसर पर विधायक अनुज शर्मा ने यात्रा में शामिल सभी कार्यकर्ताओं, युवाओं, महिलाओं और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया। अंत में सामूहिक राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ और उपस्थित लोगों ने देश की एकता, अखंडता तथा राष्ट्रहित के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।