सेवा, शिद्दत और संकल्प से करें काम, बेमेतरा को विकास में अग्रणी जिला बनाएं : अरुण साव

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बेमेतरा में समीक्षा बैठक लेकर केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन तथा विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सेवा, शिद्दत और संकल्प के साथ कार्य करते हुए हर पात्र हितग्राही तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने, जल संरक्षण, गुणवत्तापूर्ण निर्माण, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री दयाल दास बघेल ने भी विकास कार्यों को समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने पर जोर दिया।

Aug 1, 2026 - 18:00
 0  3
सेवा, शिद्दत और संकल्प से करें काम, बेमेतरा को विकास में अग्रणी जिला बनाएं : अरुण साव

UNITED NEWS OF ASIA. बेमेतरा। उप मुख्यमंत्री एवं बेमेतरा जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने जिला मुख्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन तथा जिले में चल रहे विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे सेवा, शिद्दत और संकल्प की भावना से अपने दायित्वों का निर्वहन करें और बेमेतरा को विकास के प्रत्येक क्षेत्र में प्रदेश का अग्रणी जिला बनाने के लिए समर्पित होकर कार्य करें।

बैठक में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री दयाल दास बघेल, विधायक दीपेश साहू, ईश्वर साहू, कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं, जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी, पुलिस अधीक्षक उत्रिलोक बंसल सहित सभी विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

अरुण साव ने कहा कि एक सफल अधिकारी वही होता है जो पूर्व नियोजित कार्ययोजना के साथ निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करे। उन्होंने अधिकारियों से जनसेवक की भावना से कार्य करने, जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने, नियमित आत्ममूल्यांकन करने तथा कमियों को दूर कर बेहतर परिणाम देने का आह्वान किया।

उन्होंने खरीफ सीजन को देखते हुए किसानों के लिए पर्याप्त खाद-बीज उपलब्ध कराने, मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाने तथा जल संरक्षण, जल संवर्धन और जल संचयन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। जल जीवन मिशन के तहत निर्मित योजनाओं को ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित कर उनके बेहतर संचालन पर भी जोर दिया। साथ ही बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।

समीक्षा के दौरान उप मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क योजना, आदिवासी विकास प्राधिकरण सहित विभिन्न निर्माण परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने सभी स्वीकृत निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को लेकर भी विशेष चर्चा हुई। अरुण साव ने वर्षा जल संग्रहण, पुराने तालाबों एवं नहरों के जीर्णोद्धार, व्यापक वृक्षारोपण, पार्कों के विकास तथा प्रदूषण नियंत्रण के प्रभावी उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, कचरे के पृथक्करण और सार्वजनिक स्थलों की नियमित सफाई पर विशेष जोर दिया।

शिक्षा और खेल गतिविधियों पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ खेलों को बढ़ावा देना आवश्यक है। खेल बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, रचनात्मकता और सामाजिक सहभागिता विकसित करते हैं, इसलिए अधिक से अधिक बच्चों को खेलों से जोड़ने के प्रयास किए जाएं।

अरुण साव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की प्रत्येक जनकल्याणकारी योजना का लाभ अंतिम पंक्ति के पात्र हितग्राही तक समय पर पहुंचे। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और कृषि सहित सभी योजनाओं में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने, पारदर्शिता बनाए रखने और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी।

बैठक को संबोधित करते हुए खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री दयाल दास बघेल ने कहा कि समीक्षा बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूरा करने तथा जनप्रतिनिधियों के सुझावों पर गंभीरता से अमल करने पर बल दिया।