चाकू की नोक पर नगद और ऑनलाइन लूट करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, एक अपचारी बालक अभिरक्षा में

धमतरी जिले की भखारा पुलिस ने चाकू दिखाकर नगद और ऑनलाइन लूट की सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं एक विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों ने मवेशी लेकर जा रहे पिता-पुत्र से मारपीट कर 50 हजार रुपये नगद और 28,500 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कराए थे।

Jul 9, 2026 - 15:17
 0  6
चाकू की नोक पर नगद और ऑनलाइन लूट करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, एक अपचारी बालक अभिरक्षा में

UNITED NEWS OF ASIA. रिजवान मेमन, धमतरी l जिले की भखारा पुलिस ने चाकू की नोक पर नगद और ऑनलाइन लूट की एक गंभीर एवं सनसनीखेज वारदात का त्वरित खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, मामले में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों तक पहुंचते हुए मामले का सफलतापूर्वक खुलासा किया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना 6 जुलाई 2026 की रात करीब 10 बजे की है। प्रार्थी मनीष सोनवानी अपने पिता खम्मन सोनवानी के साथ छोटा हाथी वाहन में मवेशियों को लेकर ग्राम रिवागहन स्थित अपने चाचा खेमूराम बंजारे के घर जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम दर्री और गुजरा के बीच एक तूफान वाहन में सवार चार लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया।

आरोपियों ने मवेशी परिवहन करने की बात को लेकर पिता-पुत्र के साथ अश्लील गाली-गलौज की और हाथ, मुक्के तथा लात से मारपीट की। इसके बाद धारदार चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। भय का माहौल बनाकर आरोपियों ने मनीष सोनवानी से 50 हजार रुपये नगद लूट लिए। इतना ही नहीं, आरोपियों ने पीड़ित से 28 हजार 500 रुपये क्यूआर कोड के माध्यम से आरोपी नीरज ध्रुवंशी के बैंक खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर भी करवा लिए।

घटना की सूचना मिलते ही थाना भखारा पुलिस ने अपराध दर्ज कर तत्काल विवेचना शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तकनीकी साक्ष्य जुटाए और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। लगातार पतासाजी और संभावित ठिकानों पर दबिश देने के बाद पुलिस ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि मामले में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लिया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। वहीं, विधि से संघर्षरत बालक का सामाजिक पृष्ठभूमि प्रतिवेदन तैयार कर किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम के प्रावधानों के तहत उसे किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

धमतरी पुलिस ने बताया कि जिले में लूट, चोरी और अन्य गंभीर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस मामले का त्वरित खुलासा पुलिस की सक्रियता और तकनीकी जांच का परिणाम है। मामले को लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेश पांडेय ने भी कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।