पत्नी के प्रेम-प्रसंग से नाराज पति ने कुल्हाड़ी से की युवक की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
धमतरी जिले के केरेगांव थाना क्षेत्र में प्रेम-प्रसंग के चलते एक युवक की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर ली है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
UNITED NEWS OF ASIA. रिजवान मेमन, धमतरी l जिले के केरेगांव थाना क्षेत्र में प्रेम-प्रसंग के चलते हुई हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है। आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम बाजार कुर्रीडीह के स्कूलपारा निवासी पूर्णिमा सोरी का पिछले लगभग एक वर्ष से मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले के दलौदा तहसील निवासी शंकर सूर्यवंशी के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था। इस दौरान शंकर सूर्यवंशी समय-समय पर पूर्णिमा सोरी से मिलने उसके गांव आता-जाता था। करीब 15 दिन पहले पूर्णिमा सोरी अपनी दो बच्चियों के साथ शंकर सूर्यवंशी के घर भी गई थी और चार-पांच दिन वहां रहने के बाद वापस अपने घर लौट आई थी।
बताया गया कि 8 जुलाई 2026 की शाम करीब सात बजे शंकर सूर्यवंशी एक बार फिर पूर्णिमा सोरी से मिलने उसके घर पहुंचा। रात में सभी ने साथ भोजन किया। इसके बाद पूर्णिमा सोरी, उसका पति योगेंद्र सोरी, दोनों बच्चे और शंकर सूर्यवंशी एक ही हॉल में सो गए।
रात करीब तीन बजे योगेंद्र सोरी की नींद खुली। इसी दौरान उसने अपनी पत्नी के प्रेमी शंकर सूर्यवंशी पर कुल्हाड़ी से गले पर प्राणघातक वार कर दिया। हमले में शंकर गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने तत्काल 108 एम्बुलेंस की सहायता से उसे जिला अस्पताल धमतरी पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही केरेगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए तथा हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर ली। इसके बाद आरोपी योगेंद्र सोरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध हत्या के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की विवेचना सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए की जा रही है।
धमतरी पुलिस ने बताया कि जिले में गंभीर अपराधों के मामलों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इस प्रकरण में भी सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची, साक्ष्य जुटाए और कम समय में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और गंभीर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।