रायपुर ग्रामीण पुलिस ने दोपहिया वाहन चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, 5 बाइक बरामद

रायपुर ग्रामीण पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए दो आरोपियों और विधि के साथ संघर्षरत एक बालक को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से अभनपुर और राखी क्षेत्र से चोरी की गई पांच दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं, जिनकी कीमत लगभग दो लाख रुपये बताई गई है।

Jul 7, 2026 - 12:04
 0  3
रायपुर ग्रामीण पुलिस ने दोपहिया वाहन चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, 5 बाइक बरामद

UNITED NEWS OF ASIA. हसीब अख्तर, रायपुर l रायपुर ग्रामीण पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों और विधि के साथ संघर्षरत एक बालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई पांच दोपहिया वाहन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये है। यह कार्रवाई अभनपुर थाना पुलिस और एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने की।

मामले की शुरुआत तब हुई जब ग्राम संकरी निवासी रोशन साहू ने अभनपुर थाना में अपनी एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 14 मार्च 2026 को वह सब्जी खरीदने अभनपुर के शनिचरी बाजार गए थे और बाजार के पास अपनी बाइक खड़ी कर अंदर चले गए। वापस लौटने पर बाइक गायब मिली। शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

दोपहिया वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक रायपुर (ग्रामीण) श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद अभनपुर पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, स्थानीय लोगों से पूछताछ की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर आकाश लहरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपने साथी संदीप कुमार सिंह और विधि के साथ संघर्षरत एक बालक के साथ मिलकर वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने अन्य दोनों को भी पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने अभनपुर क्षेत्र से चार और राखी क्षेत्र से एक दोपहिया वाहन चोरी करना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने कुल पांच चोरी की गई दोपहिया वाहन बरामद किए। बरामद वाहनों में तीन एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल, एक एक्टिवा स्कूटी और एक लियो मोटरसाइकिल शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ अभनपुर थाना में विभिन्न मामलों में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत तथा राखी थाना में धारा 303(2) और 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज हैं। बरामद सभी वाहनों को जब्त कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

रायपुर ग्रामीण पुलिस ने बताया कि वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर पार्क करें, अतिरिक्त सुरक्षा उपकरणों का उपयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ इसी तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।