मोबाइल चलाकर वाहन दौड़ाने वालों पर बिलासपुर ट्रैफिक पुलिस सख्त, 2621 चालकों पर कार्रवाई

बिलासपुर यातायात पुलिस ने वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करने वाले चालकों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए 2621 लोगों पर कार्रवाई की है। आईटीएमएस कैमरों की निगरानी और सख्त प्रवर्तन के जरिए सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है।

Jul 7, 2026 - 12:00
 0  2
मोबाइल चलाकर वाहन दौड़ाने वालों पर बिलासपुर ट्रैफिक पुलिस सख्त, 2621 चालकों पर कार्रवाई

UNITED NEWS OF ASIA. विशु तिवारी, बिलासपुर l बिलासपुर यातायात पुलिस ने सड़क सुरक्षा को लेकर बड़ा अभियान चलाते हुए वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करने वाले चालकों पर सख्त कार्रवाई की है। इस विशेष अभियान के तहत अब तक 2621 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की जा चुकी है। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस उप महानिरीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में यह अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और वाहन चालकों को सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति जागरूक करना है।

यातायात पुलिस के अनुसार, आईटीएमएस (इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम) के कैमरों के माध्यम से प्रमुख चौक-चौराहों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। विशेष रूप से उन वाहन चालकों की पहचान की जा रही है जो वाहन चलाते समय मोबाइल फोन पर बात करते हैं या मोबाइल का अन्य तरीके से उपयोग करते हैं। ऐसे मामलों में मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 21(25) के तहत कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग चालक का ध्यान सड़क से भटका देता है, जिससे दुर्घटना की आशंका कई गुना बढ़ जाती है। इसके अलावा कई चालक एयरबड या ईयरफोन लगाकर वाहन चलाते हैं, जिससे उन्हें आसपास के वाहनों के हॉर्न, एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन सेवाओं की आवाज सुनाई नहीं देती। इससे स्वयं के साथ-साथ अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ जाती है।

यातायात पुलिस लगातार पीए सिस्टम, जनजागरूकता अभियानों और सार्वजनिक संस्थानों के माध्यम से लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित कर रही है। इसके बावजूद विशेष रूप से युवाओं में वाहन चलाते समय मोबाइल उपयोग करने की प्रवृत्ति देखने को मिल रही है, जिस पर प्रभावी नियंत्रण के लिए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग पूरी तरह बंद करें। यदि किसी जरूरी कॉल का जवाब देना हो तो पहले सुरक्षित स्थान पर वाहन रोकें, उसके बाद ही मोबाइल का इस्तेमाल करें। यातायात नियमों का पालन न केवल स्वयं की सुरक्षा के लिए आवश्यक है बल्कि अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा के लिए भी उतना ही महत्वपूर्ण है।

यातायात पुलिस ने बताया कि वर्ष 2025 के दौरान बिलासपुर में लगभग 63 हजार नए वाहनों का पंजीयन हुआ है, जिससे यातायात का दबाव लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में प्रत्येक वाहन चालक की जिम्मेदारी है कि वह ट्रैफिक नियमों का गंभीरता से पालन करे। पुलिस ने नागरिकों से सड़क सुरक्षा अभियान में सहभागी बनने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।