कबीरधाम में PM जनमन आवास योजना में गड़बड़ी का आरोप, 9 हितग्राहियों से 5.09 लाख लेने के मामले में दो ठेकेदारों पर FIR
छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत आवास निर्माण के नाम पर 9 बैगा जनजाति के हितग्राहियों से 5 लाख 9 हजार रुपये लेने और मकान नहीं बनाने के आरोप में दो ठेकेदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। बोड़ला विकासखंड की ग्राम पंचायत राजाढ़ार और आमानारा से जुड़े इन मामलों में थाना चिल्फी और थाना तरेगांव जंगल में कार्रवाई की गई है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने गरीबों के हक की राशि में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की बात कही है।
UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत आवास निर्माण के नाम पर हितग्राहियों से राशि लेने और मकान नहीं बनाने के आरोप में दो ठेकेदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। दोनों मामलों में बैगा जनजाति के कुल 9 हितग्राहियों से 5 लाख 9 हजार रुपये लेने की शिकायत सामने आई है। इस मामले को लेकर उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा है कि गरीबों के हक की राशि में हेराफेरी और आवास निर्माण में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराने की महत्वपूर्ण योजना है। विशेष पिछड़ी जनजातियों के परिवारों को सुरक्षित और सम्मानजनक आवास देना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आवास निर्माण के लिए स्वीकृत राशि पर हितग्राहियों का अधिकार है और इस राशि का दुरुपयोग करने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
राजाढ़ार में पांच हितग्राहियों से 3.20 लाख रुपये लेने का आरोप
कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत राजाढ़ार में पांच हितग्राहियों से आवास निर्माण के नाम पर कुल 3 लाख 20 हजार रुपये लेने और निर्माण कार्य पूरा नहीं करने की शिकायत दर्ज कराई गई है। इस मामले में ठेकेदार कुमार मेरावी के विरुद्ध 14 अक्टूबर को थाना चिल्फी में भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 318(4) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
शिकायत के अनुसार, देवसिंह से 60 हजार रुपये, मंधोर बाई से 60 हजार रुपये, पुसीया बाई से 60 हजार रुपये, कौशिल्या बाई से 80 हजार रुपये और ननकी बाई से 60 हजार रुपये लिए गए थे। आरोप है कि लगभग डेढ़ वर्ष बीतने के बाद भी आवास निर्माण नहीं किया गया और न ही हितग्राहियों की राशि वापस की गई।
आमानारा में चार हितग्राही भी प्रभावित
इसी प्रकार ग्राम पंचायत आमानारा में प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के चार हितग्राहियों से राशि लेने के मामले में ठेकेदार तुमेश गोड़ के खिलाफ 13 अक्टूबर को थाना तरेगांव जंगल में एफआईआर दर्ज की गई है। शिकायत के अनुसार, बैसाखू बैगा से 64 हजार रुपये, सुकोर बाई से 60 हजार रुपये, सोनिया बाई से 45 हजार रुपये और रनो बाई से 20 हजार रुपये लिए गए। इस मामले में कुल 1 लाख 89 हजार रुपये लेने की शिकायत सामने आई है।
विजय शर्मा ने कहा कि गरीबों और जरूरतमंदों को समय पर पक्का आवास मिलना चाहिए। आवास निर्माण के नाम पर हितग्राहियों का शोषण करने वालों को कोई रियायत नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि योजना के क्रियान्वयन में अनियमितता पाए जाने पर जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के अंतर्गत विशेष पिछड़ी जनजाति के बैगा परिवारों को पक्का आवास बनाने के लिए चार किस्तों में 2 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाती है। जिला पंचायत कबीरधाम ने भी आवास योजनाओं के क्रियान्वयन में गड़बड़ी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।