शिव मंदिर प्राण प्रतिष्ठा व शीतला मंच के भूमिपूजन में शामिल हुए विक्रांत सिंह

खैरागढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत सर्रागोंदी अंतर्गत आश्रित ग्राम मुस्का में शिव मंदिर प्राण प्रतिष्ठा एवं शीतला मंच निर्माण का भूमिपूजन धार्मिक विधि-विधान के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और सरकार की योजनाओं की जानकारी दी।

Dec 13, 2025 - 17:33
 0  29
शिव मंदिर प्राण प्रतिष्ठा व शीतला मंच के भूमिपूजन में शामिल हुए विक्रांत सिंह

UNITED NEWS OF ASIA. मनोहर सेन, खैरागढ़। विकासखंड खैरागढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत सर्रागोंदी के आश्रित ग्राम मुस्का में शिव मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम एवं शीतला मंच निर्माण का भूमिपूजन विधिवत रूप से सम्पन्न हुआ। यह आयोजन वैदिक मंत्रोच्चार, पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणजन और श्रद्धालु शामिल हुए। कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि डॉ. शैलेन्द्र त्रिपाठी ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में जनपद पंचायत सभापति शैलेन्द्र मिश्रा मौजूद रहे।

धार्मिक अनुष्ठानों के दौरान शिव मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा विधि-विधानपूर्वक संपन्न कराई गई। साथ ही गांव में शीतला माता मंच निर्माण के लिए भूमिपूजन किया गया। ग्रामीणों ने इस आयोजन को गांव के लिए धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला और श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की आराधना कर गांव की सुख-समृद्धि की कामना की।

सभा को संबोधित करते हुए जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि केंद्र और राज्य में डबल इंजन की सरकार होने से विकास कार्यों को गति मिली है और शासन की योजनाओं का लाभ सीधे आम जनता तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी की गारंटी के तहत छत्तीसगढ़ में किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है, जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है।

विक्रांत सिंह ने आगे बताया कि भाजपा सरकार के गठन के बाद पूर्व में लंबित लगभग 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों को स्वीकृति मिली है, जिससे गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पक्का मकान मिलने का मार्ग प्रशस्त हुआ है। इसके साथ ही महतारी वंदन योजना के अंतर्गत महिलाओं को प्रतिमाह 1000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है, जिससे महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने में सहयोग मिल रहा है।

कार्यक्रम में जिला भाजपा महामंत्री शशांक ताम्रकार, डॉ. चंदू वर्मा, फुलेश्वरी रामवतार साहू, प्रताप साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु उपस्थित रहे। अंत में ग्रामीणों ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया और ऐसे आयोजनों से गांव में धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता को बल मिलने की बात कही।