उन्होंने कहा कि संग्रहालय को “नीट एंड क्लीन” बनाए रखने के लिए विभागीय स्तर पर निरंतर प्रयास आवश्यक हैं, क्योंकि राज्य के विभिन्न जिलों के साथ-साथ देश के अन्य राज्यों और विदेशों से भी बड़ी संख्या में पर्यटक यहां भ्रमण के लिए आ रहे हैं। इस संग्रहालय के माध्यम से छत्तीसगढ़ की पहचान देश-दुनिया में और अधिक सशक्त हुई है।
प्रमुख सचिव ने निर्देश दिए कि विभाग के सभी अधिकारी और कर्मचारी महीने में कम से कम एक दिन संग्रहालय परिसर में श्रमदान करेंगे तथा आम नागरिकों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करेंगे। उन्होंने स्वयं भी श्रमदान में सहभागी बनने की बात कही।
निरीक्षण के दौरान बोरा ने यह भी जानकारी दी कि जनजातीय संग्रहालय फेस-2 के निर्माण की प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ की जाएगी। इसके साथ ही परिसर में एक आधुनिक कन्वेंशन सेंटर का निर्माण भी प्रस्तावित है, जिससे शैक्षणिक, सांस्कृतिक और शोध से जुड़े कार्यक्रमों के आयोजन को नया मंच मिल सकेगा।
बैठक में यह भी तय किया गया कि संग्रहालय परिसर में कैफेटेरिया, गढ़ कलेवा तथा अन्य उपयोगी दुकानें खोली जाएंगी। इसके अंतर्गत आकर्षक बागवानी, परिसर के भीतर स्थित नंद सागर का सौंदर्यीकरण, फाउंटेन निर्माण तथा पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।
इस अवसर पर आदिम जाति विकास विभाग के आयुक्त डॉ. सारांश मित्तर, छत्तीसगढ़ राज्य अंत्याव्यवसायी विकास निगम के संचालक डॉ. जगदीश सोनकर, आदिम जाति अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान की संचालक हिना अनिमेष नेताम, संयुक्त सचिव बी. के. राजपूत, कार्यपालन अभियंता त्रिदिप चक्रवर्ती, रायपुर जिले के सहायक आयुक्त शरदचन्द्र शुक्ला सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, आर्किटेक्ट, इंजीनियर एवं आर्टिस्ट उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण के 25 वर्ष पूर्ण होने पर रजत जयंती वर्ष के अवसर पर इस जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय का शुभारंभ Narendra Modi द्वारा किया गया था। इससे पहले जनजातीय जीवनशैली और परंपराओं पर आधारित संग्रहालय का उद्घाटन Vishnu Deo Sai द्वारा मई 2025 में किया गया था।
इन संग्रहालयों की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए अब शहीद वीर नारायण सिंह आदिवासी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय फेस-2 के निर्माण का कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। प्रमुख सचिव ने इस दौरान आदिम जाति अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान परिसर में नवनिर्मित छात्रावास के उद्घाटन की तैयारियों का भी जायजा लिया और कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।