पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बेमता निवासी महिला किसान आशा देवी साहू के खेत से नवंबर माह में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा रात के समय धान फसल काटकर चोरी कर ली गई थी। पीड़िता द्वारा मामले की शिकायत थाना तिल्दा नेवरा में दर्ज कराई गई थी।
प्रकरण से जुड़े भूमि विवाद का उल्लेख करते हुए पुलिस ने बताया कि छत्तीसगढ़ के सबसे बड़े राजस्व न्यायालय, सर्किट कोर्ट रायपुर के आदेश पर माननीय न्यायालय तहसीलदार तिल्दा नेवरा द्वारा 09 जनवरी 2024 को उक्त भूमि का नामांतरण आशा देवी साहू के पक्ष में किए जाने का आदेश पारित किया गया था। इसके बाद संबंधित पटवारी द्वारा किसान किताब जारी कर भूमि को ऑनलाइन रिकॉर्ड में दर्ज किया गया था।
राजस्व अभिलेखों के अनुसार मार्च 2024 में उक्त भूमि का सीमांकन भी कराया गया था। सीमांकन प्रक्रिया के दौरान राजस्व अधिकारियों, थाना तिल्दा नेवरा के पुलिस अधिकारियों, ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति में भूमि की नाप-जोख कर विधिवत कब्जा आशा देवी साहू को सौंपा गया था। तब से महिला किसान उसी भूमि पर खेती कर रही थीं।
इसके बावजूद ग्राम बेमता के ही कुछ व्यक्तियों द्वारा महिला किसान की खड़ी धान फसल चोरी कर ली गई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस द्वारा जांच प्रारंभ की गई। जांच के दौरान आरोपी कलीराम साहू, आत्माराम साहू, बिसराम साहू तथा सनत कुमार साहू, सभी निवासी ग्राम बेमता, के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उन्हें गिरफ्तार किया गया है।
थाना तिल्दा नेवरा के उप निरीक्षक बी एल देवांगन ने बताया कि 20 नवंबर 2025 को लिखित शिकायत प्राप्त हुई थी। प्रारंभिक जांच के उपरांत 04 जनवरी 2026 को अपराध क्रमांक 0007/2026 दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया गया। आरोपियों को कई बार थाना बुलाया गया, लेकिन वे लगातार फरार रहते थे और पुलिस को चकमा देकर छिप जाते थे।
उन्होंने बताया कि आज योजनाबद्ध तरीके से दबिश देकर चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया पूरी कर रही है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों को शीघ्र ही व्यवहार न्यायालय तिल्दा नेवरा में पेश किया जाएगा। इस कार्रवाई से क्षेत्र में फसल चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी तथा किसानों में सुरक्षा और भरोसे का वातावरण बनेगा।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसानों की मेहनत और फसल से जुड़ी किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि को गंभीरता से लिया जाएगा और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।