रायपुर में 80 प्रतिबंधित नशीली टेबलेट के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
रायपुर पुलिस ने विशेष अभियान के तहत सिविल लाइन क्षेत्र से दो आरोपियों को 80 प्रतिबंधित निट्राजेपम टेबलेट, नकदी और मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी नशीली दवाओं की बिक्री की फिराक में थे।
UNITED NEWS OF ASIA. रायपुर। पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को प्रतिबंधित नशीली टेबलेट के साथ गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 80 नग निट्राजेपम टेबलेट, बिक्री की रकम और दो मोबाइल फोन जप्त किए गए हैं।
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के दिशा-निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम कांबले के मार्गदर्शन में जिले में अवैध मादक पदार्थों, नशीली टेबलेट और सिरप की तस्करी पर नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत प्रकरणों में गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध एंड-टू-एंड जांच और फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन के निर्देश भी दिए गए हैं।
पुलिस को 3 फरवरी 2026 को सूचना मिली थी कि थाना सिविल लाइन क्षेत्र के न्यू शांति नगर स्थित मणिकर्णिका मुक्तिधाम के पास दो व्यक्ति प्रतिबंधित नशीली टेबलेट लेकर बिक्री की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलने पर पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल जोन) उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देशन में एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट तथा सिविल लाइन थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
पुलिस टीम ने संदेह के आधार पर दो युवकों को पकड़कर पूछताछ की, जिन्होंने अपना नाम दुर्गेश महानंद उर्फ फुला (30 वर्ष) निवासी गांधी नगर, थाना सिविल लाइन तथा शनि टंडन उर्फ हनी (22 वर्ष) निवासी सतनामी पारा पुरैना तालाब पार, थाना न्यू राजेन्द्र नगर बताया। तलाशी लेने पर उनके पास से 80 नग प्रतिबंधित निट्राजेपम टेबलेट बरामद हुई।
पूछताछ के दौरान आरोपियों से नशीली टेबलेट रखने और बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके और पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करते रहे। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से प्रतिबंधित टेबलेट, बिक्री की रकम तथा दो मोबाइल फोन सहित कुल लगभग 52 हजार 240 रुपये मूल्य का सामान जप्त किया है। मामले में आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और नशे के नेटवर्क की जांच भी जारी है।