Kawardha News : स्कूली छात्रों ने पनडुब्बी संग्रहालय में जाना नौसेना का संसार, शैक्षणिक भ्रमण से बढ़ी वैज्ञानिक समझ

कवर्धा जिले के विद्यार्थियों ने विशाखापट्टनम स्थित आईएनएस पनडुब्बी संग्रहालय का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान छात्रों ने नौसेना की कार्यप्रणाली, पनडुब्बी की संरचना और समुद्री विज्ञान से जुड़ी जानकारियां प्रत्यक्ष रूप से समझीं।

Feb 4, 2026 - 18:52
 0  2
Kawardha News : स्कूली छात्रों ने पनडुब्बी संग्रहालय में जाना नौसेना का संसार, शैक्षणिक भ्रमण से बढ़ी वैज्ञानिक समझ

UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा। समग्र शिक्षा के राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत जिले के प्रारंभिक एवं सेकेंडरी स्तर के विद्यार्थियों को राज्य के बाहर शैक्षणिक भ्रमण पर आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम स्थित आईएनएस पनडुब्बी संग्रहालय ले जाया गया। यह भ्रमण कलेक्टर गोपाल वर्मा के निर्देश तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुमार पोयम, जिला शिक्षा अधिकारी एफ.आर. वर्मा एवं जिला मिशन समन्वयक विनोद कुमार श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

शैक्षणिक भ्रमण के दौरान छात्र-छात्राओं ने पनडुब्बी संग्रहालय में प्रदर्शित विभिन्न वैज्ञानिक एवं तकनीकी जानकारियों को नजदीक से देखा और समझा। विद्यार्थियों को भारतीय नौसेना की कार्यप्रणाली, पनडुब्बी की संरचना, समुद्री सुरक्षा व्यवस्था, समुद्री जीवन, अंतरिक्ष विज्ञान से जुड़ी अवधारणाएं तथा समुद्र में होने वाले ज्वार-भाटा जैसी प्राकृतिक घटनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

इस अवसर पर सहायक कार्यक्रम समन्वयक राकेश कुमार चंद्रवंशी ने बताया कि ऐसे शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों को व्यवहारिक ज्ञान प्रदान करते हैं, जिससे पुस्तकीय जानकारी को वास्तविक अनुभव से जोड़ने का अवसर मिलता है। वहीं जिला मिशन समन्वयक श्री विनोद कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि इस प्रकार के भ्रमण विद्यार्थियों में जिज्ञासा, निरीक्षण क्षमता, कल्पनाशीलता एवं तार्किक सोच को विकसित करते हैं, जो उनके समग्र शैक्षणिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।

उल्लेखनीय है कि इस शैक्षणिक भ्रमण में जिले के विभिन्न विकासखंडों से चयनित 20 छात्र-छात्राओं को प्रभारी शिक्षकों के साथ शामिल किया गया। विद्यार्थियों ने इस अनुभव को प्रेरणादायक बताते हुए विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ने की इच्छा भी व्यक्त की।