फरसगांव जनपद पंचायत के 4 शॉपिंग कॉम्प्लेक्स दुकानों की नीलामी, 25.80 लाख की आय

फरसगांव जनपद पंचायत के सामने बने शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की 4 दुकानों की नीलामी बुधवार को संपन्न हुई। नीलामी से जनपद पंचायत को कुल 25 लाख 80 हजार रुपये की आय हुई। प्रक्रिया एसडीएम के मार्गदर्शन में सम्पन्न कराई गई।

Feb 4, 2026 - 19:03
 0  8
फरसगांव जनपद पंचायत के 4 शॉपिंग कॉम्प्लेक्स दुकानों की नीलामी, 25.80 लाख की आय

UNITED NEWS OF ASIA. रामकुमार भारद्वाज, फरसगांव। जनपद पंचायत फरसगांव के सामने निर्मित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की चार दुकानों की नीलामी बुधवार को जनपद सभाकक्ष में संपन्न हुई। नीलामी प्रक्रिया प्राधिकृत अधिकारी एवं फरसगांव एसडीएम अश्वन कुमार पुसाम के मार्गदर्शन में आयोजित की गई। इस दौरान जनपद सीईओ रूपेंद्र नेताम सहित जनप्रतिनिधि और क्षेत्रीय व्यापारी मौजूद रहे।

जनपद पंचायत द्वारा मुख्य मार्ग किनारे चार दुकानों वाला शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बनाया गया था। इन दुकानों की नीलामी में भाग लेने के लिए 50 हजार रुपये की अमानत राशि जमा करना अनिवार्य रखा गया था। नीलामी प्रक्रिया में कुल 12 बोलीदाताओं ने हिस्सा लिया।

नीलामी में दुकान नंबर 07 को पवन कोर्राम ने 6 लाख 30 हजार रुपये में अपने नाम किया। दुकान नंबर 08 को पीलाराम नेताम ने 6 लाख 30 हजार रुपये की बोली लगाकर प्राप्त किया। वहीं दुकान नंबर 09 को ईश्वरी साहू ने सर्वाधिक 8 लाख 5 हजार रुपये की बोली लगाकर हासिल किया। दुकान नंबर 10 को विक्रम गोयल ने 5 लाख 15 हजार रुपये में खरीदा।

चारों दुकानों की नीलामी से जनपद पंचायत को कुल 25 लाख 80 हजार रुपये की आय प्राप्त हुई है। नीलामी में सफल सभी बोलीदाताओं को 30 दिनों के भीतर पूर्ण राशि जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।

नीलामी प्रक्रिया के दौरान जनपद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सदस्य सहित नगर एवं आसपास के क्षेत्र के व्यापारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। जनपद पंचायत प्रशासन ने इसे स्थानीय व्यापार को बढ़ावा देने और पंचायत की आय में वृद्धि की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।