पूर्व विधानसभा अध्यक्ष से मोबाइल छीनने वाला आरोपी 8 घंटे में गिरफ्तार
रायपुर में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक से मोबाइल छीनने वाले आरोपी को पुलिस ने घटना के महज 8 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद की गई।
UNITED NEWA OF ASIA. हसीब अख्तर, रायपुर l रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक से मोबाइल छीनने की घटना का तेजी से खुलासा करते हुए आरोपी को महज 8 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटर साइकिल भी बरामद कर ली है। इस त्वरित कार्रवाई की शहरभर में चर्चा हो रही है।
जानकारी के अनुसार सोमवार 18 मई 2026 की सुबह धरमलाल कौशिक मॉर्निंग वॉक के लिए अपने शासकीय निवास से निकले थे। सुबह करीब 7:15 बजे पीडब्ल्यूडी आर्च ब्रिज के नीचे एक अज्ञात बाइक सवार युवक ने उनका मोबाइल फोन छीन लिया और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की गई। क्राइम ब्रांच और विभिन्न थानों की संयुक्त टीमों को आरोपी की तलाश में लगाया गया। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों में लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी विश्लेषण और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से आरोपी की पहचान की गई।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के मात्र 8 घंटे के भीतर आरोपी को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मणिकांत ध्रुव पिता राजेंद्र ध्रुव उम्र लगभग 19 वर्ष निवासी जिला बलौदाबाजार-भाटापारा के रूप में हुई है। आरोपी वर्तमान में रायपुर के थाना खम्हारडीह क्षेत्र स्थित राजीव नगर में रह रहा था। पुलिस के अनुसार आरोपी कभी-कभी रैपिडो चलाने का काम भी करता था।
आरोपी के कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त बाइक जब्त कर ली गई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
डॉ संजीव शुक्ला ने कहा कि रायपुर पुलिस कमिश्नरेट हर अपराध को गंभीरता से लेते हुए तेजी से कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने कहा कि आम नागरिक हो या हाई प्रोफाइल व्यक्ति, हर शिकायत पर समान संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई की जाती है। अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी और चोरी या छीने गए सामान की बरामदगी पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
इस कार्रवाई से रायपुर पुलिस की सक्रियता और त्वरित जांच प्रणाली की सराहना की जा रही है।