भाजपा ने प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्षों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने बनाई कार्ययोजना, विकसित भारत संकल्प सम्मेलन पर जोर
कवर्धा में भारतीय जनता पार्टी की जिला कार्यसमिति सह कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विस्तृत कार्ययोजना बनाई गई। बैठक में विकसित भारत संकल्प सम्मेलन, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी बलिदान दिवस के कार्यक्रमों की तैयारियों पर भी चर्चा की गई। संगठन विस्तार और जनसंपर्क अभियानों को लेकर पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा जिला कार्यालय में जिला कार्यसमिति सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने, विकसित भारत संकल्प सम्मेलन के आयोजन तथा संगठनात्मक गतिविधियों के विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यशाला में जिलेभर से बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष राजेंद्र चंद्रवंशी ने संगठन की भावी रणनीति और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता, गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। इन उपलब्धियों को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाने के लिए व्यापक स्तर पर जनसंपर्क अभियान चलाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि विकसित भारत संकल्प सम्मेलन का आयोजन मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर तक किया जाएगा। इन सम्मेलनों के माध्यम से केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाई जाएगी। साथ ही विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को साकार करने के लिए जनभागीदारी बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।
कार्यशाला में प्रदेश प्रवक्ता जसविंदर बग्गा, जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष रामकुमार भट्ट, पूर्व संसदीय सचिव मोतीराम चंद्रवंशी और डॉ. सियाराम साहू ने भी अपने विचार रखे। वक्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों तथा राष्ट्रहित में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब समाज का प्रत्येक वर्ग इस अभियान से जुड़ेगा और अपनी सक्रिय भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम की भूमिका जिला उपाध्यक्ष अशोक चंद्रवंशी ने प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि विकसित भारत संकल्प सम्मेलन में समाज के प्रबुद्ध एवं प्रभावशाली नागरिकों को विशेष रूप से आमंत्रित किया जाएगा। इसमें शिक्षक, चिकित्सक, अधिवक्ता, उद्यमी, युवा तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। सम्मेलन के माध्यम से केंद्र सरकार की उपलब्धियों को सरल और प्रभावी तरीके से प्रस्तुत किया जाएगा।
बैठक में आगामी आयोजनों को लेकर जिम्मेदारियां भी निर्धारित की गईं। 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले विशेष कार्यक्रम के लिए संतोष पटेल को संयोजक नियुक्त किया गया। वहीं 23 जून को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर आयोजित कार्यक्रमों के संचालन की जिम्मेदारी परेटन वर्मा को सौंपी गई। पदाधिकारियों से इन कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए व्यापक जनसंपर्क और संगठनात्मक समन्वय स्थापित करने का आह्वान किया गया।
कार्यशाला के दौरान संगठन की मजबूती, बूथ स्तर तक कार्य विस्तार, आगामी राजनीतिक और सामाजिक कार्यक्रमों की रणनीति तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार पर भी चर्चा हुई। कार्यक्रम के अंत में विकसित भारत के निर्माण और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्यशाला का समापन किया गया।
इस अवसर पर जिला महामंत्री मुकेश ठाकुर, नितेश अग्रवाल, विदेशी राम धुर्वे, कृष्ण कुमार वैष्णव, देव कुमारी चंद्रवंशी, संतोष पटेल, परेटन वर्मा सहित 200 से अधिक भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।