दर्री जोन में 28 आंगनबाड़ी भवनों का निर्माण, बस स्टॉप व सामुदायिक भवन लोकार्पित, 3 करोड़ की विकास सौगात
कोरबा नगर पालिक निगम क्षेत्र के दर्री जोन में लगभग 3 करोड़ रुपये की लागत से 28 नए आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन व लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में मंत्री लखनलाल देवांगन और महापौर संजूदेवी राजपूत ने बस स्टॉप एवं सामुदायिक भवन को जनसेवा के लिए समर्पित किया।
UNITED NEWS OF ASIA .भूपेंद्र साहू ,कोरबा | नगर पालिक निगम कोरबा क्षेत्र में चल रही विकास यात्रा के अंतर्गत दर्री जोन के विभिन्न वार्डों को लगभग 3 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात मिली। आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य तथा महापौर संजूदेवी राजपूत की अध्यक्षता में भूमिपूजन व लोकार्पण कार्यक्रम संपन्न हुआ।
इस अवसर पर जानकारी दी गई कि दर्री जोन के अंतर्गत विभिन्न वार्डों में 2 करोड़ 64 लाख रुपये की लागत से 28 नवीन आंगनबाड़ी भवनों का निर्माण कराया जाएगा। इन भवनों में बच्चों को पठन-पाठन, खेलकूद एवं पोषण आहार की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
साथ ही वार्ड क्रमांक 59 के नवधा पंडाल के पास बाउंड्रीवाल, मंच निर्माण एवं सामुदायिक भवन मरम्मत कार्य का भूमिपूजन भी किया गया।
इसी क्रम में वार्ड क्रमांक 59 दर्रीखार में एनटीपीसी के सीएसआर मद से निर्मित बस स्टॉप यात्री प्रतीक्षालय तथा वार्ड क्रमांक 58 साडा कॉलोनी, दर्री में नवनिर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण फीता काटकर किया गया और दोनों निर्माण कार्यों को आम नागरिकों की सेवा में समर्पित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में भ्रष्टाचार-मुक्त शासन की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने पारदर्शी शासन की परंपरा स्थापित की थी और अब वर्तमान सरकार उस परंपरा को आगे बढ़ा रही है। कोरबा के सर्वांगीण विकास में किसी प्रकार की बाधा नहीं आने दी जाएगी।
महापौर संजूदेवी राजपूत ने अपने उद्बोधन में कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने छत्तीसगढ़ राज्य का गठन किया था और अब हम सभी का दायित्व है कि प्रदेश को विकसित राज्यों की श्रेणी में खड़ा करें। उन्होंने कहा कि नगरीय प्रशासन मंत्री अरूण साव और उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के मार्गदर्शन से कोरबा शहर में विकास कार्य लगातार गति पकड़ रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी सहित अनेक पार्षद, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।