फर्जी रेल टिकटों का बढ़ता जाल, यात्रियों को सतर्क रहने की अपील

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों को फर्जी रेल टिकटों के बढ़ते मामलों से सावधान रहने की अपील की है। हाल ही में नागपुर–गोंदिया ट्रेन में फर्जी टिकट पकड़े गए, जिस पर सतर्क टिकट परीक्षकों को सम्मानित किया गया। रेलवे ने यात्रियों से केवल अधिकृत माध्यमों से ही टिकट खरीदने का आग्रह किया है।

Dec 17, 2025 - 18:23
 0  23
फर्जी रेल टिकटों का बढ़ता जाल, यात्रियों को सतर्क रहने की अपील

 UNITED NEWS OF ASIA. हसिब अख्तर, रायपुर | फर्जी रेल टिकटों के बढ़ते मामलों को लेकर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों को सतर्क रहने की कड़ी चेतावनी जारी की है। रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि हाल के दिनों में दलालों और अनधिकृत व्यक्तियों द्वारा यात्रियों को गुमराह कर नकली टिकट बेचने के कई मामले सामने आए हैं, जिससे यात्रियों को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ कानूनी परेशानियों का भी सामना करना पड़ रहा है।

इसी क्रम में हाल ही में ट्रेन संख्या 12833 (नागपुर–गोंदिया) में टिकट जांच के दौरान तीन यात्रियों को फर्जी टिकटों के साथ रंगे हाथों पकड़ा गया। जांच के दौरान जब यात्रियों में से एक ने उस दलाल से संपर्क करने का प्रयास किया, जिससे टिकट खरीदा गया था, तो फर्जीवाड़े का खुलासा होते ही संबंधित दलाल ने तुरंत अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए गोंदिया जीआरपी द्वारा रेलवे अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।

इस सतर्क और सराहनीय कार्रवाई के लिए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक श्री प्रवीन पाण्डेय ने टिकट जांच टीम को सम्मानित किया। गोंदिया के उप मुख्य टिकट निरीक्षक (डीवाई. सीटीआई) श्री इंद्रजीत कुमार तथा वरिष्ठ टिकट परीक्षक (सीनियर टीटीई) श्री मिथिलेश कुमार वर्मा को प्रशंसा पत्र प्रदान कर उनके कर्तव्यनिष्ठ एवं सतर्क कार्य की सराहना की गई।

जांच में यह तथ्य सामने आया है कि दलाल यात्रियों को ठगने के लिए पीएनआर में छेड़छाड़ करते हैं और टिकट के पीडीएफ में हेरफेर कर ऐसे नकली टिकट तैयार करते हैं, जो देखने में पूरी तरह असली प्रतीत होते हैं। आम यात्री आसानी से इन फर्जी टिकटों को पहचान नहीं पाता, जिससे वह धोखाधड़ी का शिकार हो जाता है। रेलवे प्रशासन ने चेतावनी दी है कि फर्जी टिकट के साथ यात्रा करते पाए जाने पर यात्री के विरुद्ध रेलवे अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जा सकती है और उसे यात्रा से भी वंचित किया जा सकता है।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा के लिए टिकट केवल रेलवे के पीआरएस काउंटर, आईआरसीटीसी की अधिकृत वेबसाइट (www.irctc.co.in), आधिकारिक आईआरसीटीसी मोबाइल ऐप या आईआरसीटीसी द्वारा अधिकृत एजेंटों से ही खरीदें। दलालों, अनधिकृत एजेंटों या स्टेशन परिसरों में घूम रहे संदिग्ध व्यक्तियों से टिकट खरीदना गंभीर परेशानी का कारण बन सकता है।

रेल प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि टिकट जांच को और अधिक सख्त किया जा रहा है तथा दलालों और फर्जी टिकट नेटवर्क के खिलाफ लगातार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। यात्रियों से अनुरोध है कि किसी भी संदिग्ध टिकट विक्रेता या गतिविधि की जानकारी तुरंत रेलवे अधिकारियों को दें। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे यात्रियों की सुरक्षा, संरक्षा और सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।