माओवादी बैनर-पोस्टर मामले में किरंदुल निवासी गिरफ्तार, गढ़चिरौली पुलिस की जांच तेज

महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में माओवादी बैनर-पोस्टर लगाने के मामले में किरंदुल निवासी ईश्वर राव को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यूएपीए सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।

Aug 3, 2026 - 13:18
 0  287
माओवादी बैनर-पोस्टर मामले में किरंदुल निवासी गिरफ्तार, गढ़चिरौली पुलिस की जांच तेज

UNITED NEWS OF ASIA. नवीन चौधरी, दंतेवाड़ा l दंतेवाड़ा जिले के किरंदुल निवासी ईश्वर राव को महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में माओवादी बैनर-पोस्टर लगाने के मामले में गिरफ्तार किया गया है। गढ़चिरौली पुलिस ने मामले की जांच के दौरान आरोपी को अहमदाबाद से गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया है। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहन जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, थाना पिपली (बुर्गी), जिला गढ़चिरौली में अपराध क्रमांक 01/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं, महाराष्ट्र पुलिस एक्ट की धारा 135 तथा गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए), 1967 की धारा 10, 13, 20 और 39 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया है। यह मामला माओवादियों के नाम से बैनर और पोस्टर लगाए जाने से संबंधित है।

जांच के दौरान पुलिस ने पहले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उनसे पूछताछ और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर किरंदुल निवासी ईश्वर राव का नाम सामने आया। इसके बाद पुलिस ने उसे 27 जुलाई 2026 को अहमदाबाद से गिरफ्तार किया और न्यायालय से रिमांड प्राप्त कर पूछताछ शुरू की।

जांच प्रक्रिया के तहत गढ़चिरौली पुलिस की टीम 30 जुलाई 2026 को दंतेवाड़ा जिले के किरंदुल पहुंची। यहां पुलिस ने स्थानीय प्रशासन की मौजूदगी में आरोपी के मकान की तस्दीक की और विधिवत तलाशी की कार्रवाई पूरी की। तलाशी के दौरान आवश्यक दस्तावेजों और अन्य तथ्यों का भी परीक्षण किया गया।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी की भूमिका किस स्तर तक रही तथा क्या इस मामले में अन्य लोगों की भी संलिप्तता है। जांच एजेंसियां तकनीकी और दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही हैं।

गढ़चिरौली और बस्तर संभाग लंबे समय से नक्सल गतिविधियों के लिहाज से संवेदनशील क्षेत्र रहे हैं। ऐसे मामलों में पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां विशेष सतर्कता बरतते हुए हर सूचना और साक्ष्य की गहन जांच करती हैं। फिलहाल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि विवेचना जारी है और जांच पूरी होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।