UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आयोजित ‘सुशासन तिहार’ के अंतर्गत स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने आज एमसीबी जिले के जनपद पंचायत खड़गवां अंतर्गत ग्राम पंचायत मझौली में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में भाग लिया। शिविर में उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, राशन, स्वास्थ्य सेवाओं, आवास और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को मंत्री एवं प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष रखा। स्वास्थ्य मंत्री यसवाल ने प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से लेने की बात कहते हुए अधिकारियों को समय-सीमा के भीतर निराकरण करने के निर्देश दिए।
शिविर में स्वास्थ्य मंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ भी वितरित किए। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को आवास की चाबियां सौंपीं। साथ ही वन अधिकार पट्टा एवं आयुष्मान कार्ड का वितरण कर लोगों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाया। हितग्राहियों ने योजनाओं का लाभ मिलने पर शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि ‘सुशासन तिहार’ का उद्देश्य शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार चाहती है कि गांवों और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक शासन की योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के पहुंचे। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता अंतिम व्यक्ति तक विकास और सुविधाएं पहुंचाना है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य केंद्रों के सुदृढ़ीकरण और दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि धरातल पर दिखाई देना चाहिए। लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए प्रशासन संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करे।
कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की भी उपस्थिति रही। शिविर में ग्रामीणों ने शासन की पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन से उनकी समस्याएं सीधे शासन तक पहुंच रही हैं और समाधान की उम्मीद बढ़ी है।
सुशासन तिहार के माध्यम से प्रदेश सरकार गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याओं का समाधान करने और योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से लगातार कार्य कर रही है।